युवक की प्रताड़ना से परेशान महिला ने लगाई फांसी।
संवाद सहयोगी, लोनी। लोनी बार्डर थाना क्षेत्र की परमहंस विहार कॉलोनी में शनिवार सुबह महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी थी। मृतका के पति का आरोप है कि एक युवक द्वारा प्रताड़ित व मारपीट से परेशान होकर पत्नी ने आत्महत्या की है। पति की शिकायत पर पुलिस ने युवक व उसके माता पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि परमहंस विहार कालोनी में रहने वाली 28 वर्षीय महिला सुधा ने शनिवार तड़के छत में लगे गार्डर से फंदा लगा लिया था। मामले में महिला के पति शिवम ने पड़ोस में रहने वाले युवक शिवम पर घर में घुसकर पत्नी के साथ मारपीट करने, फाेन कर गाली गलौज करने और प्रताड़ित करने के आरोप लगाते हुए शिकायत दी।
उन्होंने बताया कि पत्नी को परेशान किए जाने की बात पता चलने पर वह पत्नी के साथ युवक के घर पहुंचे और उसके माता पिता से शिकायत की। जिसपर तीनों ने दंपती के साथ अभद्रता कर घर से भगा दिया था। युवक की प्रताड़ना और स्वजन द्वारा अभद्रता किए जाने से आहत होने पर पत्नी ने पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली।
एसीपी ने बताया कि पीड़िता के पति की शिकायत पर युवक समेत उसके माता पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
यह भी पढ़ें- हिंडन एयरपोर्ट से 12 शहरों की उड़ानें स्थायी रूप से हो गई बंद, यात्रियों को लगा झटका |