LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 429
तीन चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत
जागरण संवाददाता, नालंदा। नालंदा जिले के एकंगरसराय-जहानाबाद मुख्य मार्ग पर कठार पुल के पास मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार सामने से आ रही गाड़ी के चकमा देने के बाद अनियंत्रित हो गई।
अनियंत्रित कार सीधे पुल के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
तीन चचेरे भाइयों की मौत
हादसे में जहानाबाद जिले के टेनी बीघा गांव निवासी तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सोनू कुमार (21), रोहित कुमार (22) और उद्देश्य कुमार (18) के रूप में हुई है।
तीनों आपस में चचेरे भाई थे और एक ही परिवार से थे। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
तिलक समारोह से लौट रहे थे
परिजनों के अनुसार सभी युवक मसौढ़ी में एक दोस्त की बहन के तिलक समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। वे एकंगरसराय के भातु बीघा गांव से अपने घर टेनी बीघा जा रहे थे।
इसी दौरान कठार पुल के पास सामने से आ रही गाड़ी ने चकमा दे दिया, जिससे चालक संतुलन खो बैठा और कार डिवाइडर से टकरा गई।
एक युवक गंभीर, पीएमसीएच रेफर
हादसे में 19 वर्षीय सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे पटना स्थित पीएमसीएच रेफर किया गया है।
दो युवकों की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि तीसरे ने पटना ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया।
गांव में पसरा मातम, जांच जारी
हादसे की खबर मिलते ही टेनी बीघा गांव में कोहराम मच गया। एक ही परिवार के तीन युवाओं की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तेल्हाड़ा थानाध्यक्ष अजित कुमार टिंकू ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मॉडल अस्पताल बिहारशरीफ भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। |
|