सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। क्वार्सी थाना क्षेत्र के धौर्रा माफी में मंगलवार को पारिवारिक तनाव से अवसाद में चल रही कक्षा आठ की छात्रा ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा आज बीमार होने के कारण स्कूल नहीं गई थी और घर पर अकेली थी।
दोपहर में मां जब स्कूल से लौटीं तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर दरवाजा खोलकर देखा गया तो छात्रा का शव दरवाजे की चौखट से लटका मिला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
धौर्रा माफी निवासी 14 वर्षीय अदीबा तारी अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के एबीके हाई स्कूल में कक्षा आठ की छात्रा थी। वह अपनी मां साहिमा हसन और दो छोटे भाइयों के साथ किराये के फ्लैट में रहती थी। मां एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं।
पुलिस के अनुसार अदीबा के पिता तारीक ने वर्ष 2018 में दूसरी शादी करने के बाद सऊदी अरब में रहने लगे थे। पिता के अलग रहने और बातचीत न होने के कारण छात्रा काफी समय से मानसिक तनाव में रहती थी।
वह तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी और पिछले कुछ समय से गुमसुम रहने लगी थी। मंगलवार को मां और दोनों छोटे भाई स्कूल चले गए थे। जबकि अदीबा बीमार होने के कारण घर पर ही थी। दोपहर करीब ढाई बजे मां घर लौटीं तो दरवाजा अंदर से बंद मिला।
काफी प्रयास के बाद दरवाजा खोलकर अंदर देखा तो छात्रा का शव दरवाजे की चौखट से लटका हुआ था। यह दृश्य देखकर मां बेसुध हो गईं और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा को नीचे उतरवाकर जेएन मेडिकल कालेज भेजा।
जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी नरेंद्र शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। छात्रा पारिवारिक परिस्थितियों के कारण अवसाद में बताई जा रही थी। स्वजन ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है। |
|