संत प्रेमानंद के आश्रम में बैठे क्रिकेटर विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा।
संवाद सहयोगी, जागरण, वृंदावन। भारतीय क्रिकेट टीम के धुरंधर बल्लेबाज व कप्तान रहे विराट कोहली पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ मंगलवार को संत प्रेमानंद से मिले।
चकाचौंध भरी दुनिया से दूर दोनों आस्था के रंग में रंग गए। माथे पर ब्रजरज का तिलक लगाए और गले में तुलसी की कंठी माला पहन संत प्रेमानंद के प्रवचन सुने तो साधक की भूमिका में आ गए।
संत के अनुयायियों के बीच बैठ विराट व अनुष्का ने करीब एक घंटा श्रीराधा केलिकुंज में संत प्रेमानंद का आशीर्वाद लिया। दोनों उनके गुरु संत गोविंद शरण के आश्रम पहुंचे और उनका आशीर्वाद लिया।
स्टार बल्लेबाज विराट कोहली व फिल्म अभिनेत्री रहीं अनुष्का शर्मा सोमवार शाम छटीकरा मार्ग स्थित रेडिसन होटल में आ गए थे। उनका कार्यक्रम बेहद गोपनीय था। यहां रात्रि विश्राम के बाद सुबह छह बजे विराट और अनुष्का श्रीराधा केलिकुंज आश्रम पहुंचे।
दोनों ने संत प्रेमानंद का आशीर्वाद लिया। विराट व अनुष्का के माथे पर ब्रजरज का राधावल्लभीय तिलक व गले में तुलसी की कंठी माला थी। श्रीराधा केलिकुंज की एकांतिक वार्ता में श्रद्धालुओं के बीच आगे की पंक्ति में बैठे विराट व अनुष्का पूरी तरह भक्ति भाव में डूबे रहे।
जब संत ने जीवन में संत से दीक्षा लेने और संत की पूर्ण शरणागति में अंतर बताया, तो बेहद तल्लीनता से सुनते रहे। संत ने कहा कि किसी से दीक्षा लो तो दीक्षा देने वाले का आदेश का पालन ही जीवन का सार है। गुरु के प्रति अपना सबकुछ समर्पित करना ही शरणागति है।
विराट कोहली और अनुष्का ने पहली बार संत प्रेमानंद से मुलाकात जनवरी 2023 में की थी। विराट की मुलाकात के बाद संत प्रेमानंद भी अचानक चर्चा में आ गए।
इसके बाद टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के अगले ही दिन विराट और अनुष्का मई 2025 में संत प्रेमानंद के पास पहुंचे। दो माह पहले 15 दिसंबर को भी दोनों ने संत से मुलाकात की। |
|