विधानसभा में विधायक।
संवाद सूत्र, सादाबाद। विधायक प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू ने उत्तर प्रदेश विधानसभा में क्षेत्रीय समस्याओं को जोरदार तरीके से उठाते हुए सरकार का ध्यान सिंचाई, आलू खरीद, बिजली आपूर्ति व आधारभूत सुविधाओं की ओर आकर्षित किया।
विधायक ने बजट में किसान, मजदूर, महिला, शिक्षा व स्वास्थ्य वर्ग के लिए किए गए प्रावधानों पर सरकार का आभार जताया, लेकिन कहा कि क्षेत्र विशेष की जमीनी समस्याओं का समाधान भी उतना ही जरूरी है।सादाबाद क्षेत्र में खारे पानी की बढ़ती समस्या को गंभीर बताते हुए स्थायी जल प्रबंधन योजना लागू करने की मांग की।
विधायक ने खींचा सरकार का इन समस्याओं काे लेकर ध्यान
मांट ब्रांच से पोषित नहरों में वर्षभर जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा रजवाहों व माइनरों को टेल तक पक्का कराने पर जोर दिया। नहर सफाई के बाद सिल्ट को सड़कों पर छोड़ने पर आपत्ति जताते हुए उचित निस्तारण की मांग की।ट्यूबवेल फीडरों पर 10 घंटे निशुल्क बिजली देने के लिए सरकार का धन्यवाद देते हुए उन्होंने इसे बढ़ाकर 15 घंटे करने की मांग की।
आलू पर कही ये बात
सादाबाद को आलू बाहुल्य क्षेत्र बताते हुए विधायक ने आलू की सरकारी खरीद शुरू करने, कोल्ड स्टोरेज भाड़े पर सब्सिडी देने और आलू पर मंडी टैक्स समाप्त करने की मांग की। उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराने और आगरा में प्रस्तावित बीज उत्पादन केंद्र व प्रोसेसिंग यूनिट को शीघ्र शुरू कराने की बात भी रखी।
जर्जर सड़क और बिजली की मांग
ग्रामीण क्षेत्रों में लंबित विद्युतीकरण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने, जर्जर सड़कों का पुनर्निर्माण कराने, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना तथा नगर पंचायत सादाबाद के सीमा विस्तार की मांग भी उन्होंने विधानसभा में उठाई। |