एसयूवी कार का नया वीडियो सामने आया है। जागरण
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। Delhi Dwarka SUV Accident पश्चिमी दिल्ली के द्वारका साउथ थाना क्षेत्र में तीन फरवरी को हुए हादसे का नया वीडियो सामने आया है। इस वीडियो देखा गया कि एसयूवी कार गलत दिशा में दौड़ रही है। अब पुलिस ने इस बिंदु को भी जांच में शामिल कर लिया है।
वहीं, हादसे का जो सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, उसमें आरोपी नाबालिग गलत लें में काफी तेज रफ्तार में स्कॉर्पियो ले जाते दिखाई रहा है। करीब 100 मीटर आगे जाकर ही उसने साहिल की बाइक को टक्कर मार दी थी। इसके बाद वह अपनी बहन के साथ कार से भागता दिखाई दे रहा है और लोग उसका पीछे कर रहे हैं।
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले युवक साहिल धनेश्वरा की मां इन्ना माकन के न्याय मांगने और पुलिस पर कार्रवाई पर सवाल उठाने के बाद अब पुलिस हरकत में आई है। द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह का कहना है कि न केवल आरोपी नाबालिग, बल्कि उसके पिता पर भी मुकदमा चलेगा।
वहीं, साहिल की मां ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा है कि शुरुआती एफआइआर में आरोपी को 19 वर्षीय बालिग बताया गया था, वह बाद में दस्तावेजों में नाबालिग कैसे बता दिया गया। यह भी आरोप लगाया कि हादसे के समय आरोपी के पास लाइसेंस नहीं था, फिर भी पुलिस ने दस्तावेजों की गहनता से पड़ताल क्यों नहीं की।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट बयां करती है हादसे की भयावहता
साहिल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हादसे की भयावहता सामने आई है। टक्कर और गिरने से उसके सिर के बाएं हिस्से में गंभीर फ्रैक्चर हुआ, दिमाग में खून का थक्का जम गया और सूजन आ गई। बाईं ओर की तीन पसलियां चकनाचूर हो गईं, जिससे फेफड़ों में गहरा जख्म हुआ और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। सिर की गंभीर चोटों और रक्तस्राव के कारण हादसे के तुरंत बाद उसकी मौत हो गई। |
|