करोल बाग में दिनदहाड़े मारपीट कर छात्र से की लूटपाट।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। करोल बाग इलाके में दिनदहाड़े बदमाशों ने गलगोटिया यूनिवर्सिटी के छात्र को घेरकर मारपीट की और पत्थर से उसका सिर फोड़ दिया। चिंताजनक बात आए है कि इस दौरान लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने भी इसका विरोध नहीं किया।
बदमाश पीड़ित का आइफोन और चांदी की चेन लूटकर फरार हो गए। छात्र मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन कोई उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया। फिलहाल करोल बाग पुलिस केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित ग्रेटर नोएडा के सोनल कुमार सोमवार दोपहर द्वारका मोड़ से वापस घर जा रहे थे। इस बीच कपड़े खरीदने के लिए करोल बाग पर उतर गए। खरीदारी करने के बाद वह वापस मेट्रो स्टेशन की ओर जा ही रहे थे कि इस बीच दो बदमाशों ने पहले सोनल को चोरी करने की बात कहकर ठगने की कोशिश की थी।
जब छात्र उनके जाल में नहीं फंसा तो बदमाशों ने सरेआम उसका पीछा किया और गंगा राम अस्पताल की रेड लाइट के पास उसे जबरन सड़क किनारे ले गए। पीड़ित ने अपना आइफोन 14 बचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने उसका गला दबाया और उसके सिर पर पत्थरों से ताबड़तोड़ वार करने लगे।
लहूलुहान सोनल सड़क के किनारे तड़पता रहा और मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन वहां से गुजरने वाले दर्जनों लोगों में से कोई भी उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया। सोनल की एमएलसी से पता चला है कि उसके सिर पर तीन गरे घाव हैं, जो पत्थर के प्रहार से हुए हैं। बदमाश उसका मोबाइल और चांदी की चेन लूटकर आसानी से फरार हो गए।
जब सब तमाशबीन बने थे, तब अंत में बाइक पर सवार दो अनजान व्यक्तियों ने सोनल की हालत देख बाइक रोकी और तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल छात्र को पास के अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगाल आरोपितों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली कोर्ट ने हथियार डीलर संजय भंडारी की संपत्तियों की जब्ती पर आदेश 28 तक टाला |
|