ई-रिक्शा चालक से बिजली चोरी का डर दिखाकर 55 हजार रुपये की अवैध वसूली।
राहुल कुमार, साहिबाबाद। लाइनमैनों द्वारा ई-रिक्शा चालक से बिजली चोरी का डर दिखाकर 55 हजार रुपये की अवैध वसूली के मामले को दैनिक जागरण ने बुधवार को प्राथमिकता से प्रकाशित किया था। इस पर विद्युत निगम ने दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है।
कमेटी में अधिशासी अभियंता अजय यादव और एकाउंटेंट मनोज कुमार को रखा गया है। सात दिन के अंदर जांच कर रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट आने के बाद लाइनमैनों व संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, लाइनमैन ने रिक्शा चालक के घर का बिजली कनेक्शन भी जोड़ दिया है।
दरअसल, लाइनमैन विकास, राहुल, बम बहादुर और अशोक ने करीब सात माह पहले बिजली चोरी का डर दिखाते हुए गगन विहार में रहने वाले ई-रिक्शा चालक अहिवरन चौहान के घर का कनेक्शन काट दिया था। साथ ही छापा लगवाने व दो-ढ़ाई लाख का जुर्माना लगवाने का डर दिखाया था और दूसरा मीटर लगवाने की बात कही थी।
नया मीटर लगाने व लोड बढ़वाने के नाम पर रिक्शा चालक से 55 हजार रुपये की अवैध वसूली कर ली थी। रिक्शा चालक ने ये रुपये किसी से ब्याज पर लाकर दिए थे। इसके बाद भी लाइनमैनों ने उनके घर का कनेक्शन काट दिया था और नया मीटर भी नहीं लगवाया था।
इसके बाद से ही वह उधार लिए रुपये का ब्याज भर रहे हैं। करीब 24 हजार रुपये ब्याज का दे चुके हैं और हर माह तीन से चार हजार बिजली बिल भी पर रहे हैं। मंगलवार को पीड़ित ने मुख्य अभियंता पवन अग्रवाल से शिकायत की थी। अब जांच कमेटी गठित कर दी गई है।
चुपचाप घर जाकर कनेक्शन जोड़ आया लाइनमैन विकास
लाइनमैन विकास पीड़ित के घर चुपचाप जाकर बिजली कनेक्शन जोड़ दिया। इसके बारे में किसी को बताया भी नहीं। घर वालों को भी पड़ोसियों ने इसकी जानकारी दी। वहीं, कनेक्शन का लोड भी सात किलोवाट से दो किलोवाट कर दिया गया है। पीड़ित का कहना है कि उसके रुपये वापस कराए जाएं। पीड़ित का कहना है कि उसके रुपये वापस कराए जाएं। साथ ही अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।
दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है। सात दिन में रिपोर्ट मिल जाएगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई होगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। - पवन अग्रवाल, कार्यकारी मुख्य अभियंता, विद्युत निगम जोन-तीन
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में हर कोने पर चल रहे अवैध गैस रिफिलिंग के कारोबार, प्रशासन की आंखें बंद |
|