नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित एआइ एक्सपो में सजा उत्तराखंड का स्टाल। सूवि
राज्य ब्यूरो, देहरादून। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) के क्षेत्र में उभरते अवसरों को लेकर नई दिल्ली में चल रही इंडिया एआइ एक्सपो में उत्तराखंड ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई है।
राज्य की ओर से सूचना प्रौद्योगिकी विकास प्राधिकरण (आइटीडीए) राज्य की नवाचार नीतियों और स्टार्टअप उपलब्धियों को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर रहा है।
समिट में राज्य सरकार की ओर से विशेष स्टाल स्थापित किया गया है, जहां उत्तराखंड की स्टार्टअप नीति, आइटी अवसंरचना, निवेश प्रोत्साहन योजनाओं और अब तक की उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
उत्तराखंड में अब एआइ का प्रयोग तेजी से बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार ने अब सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता व कार्य को आमजन के लिहाज से सुगम बनाने को एआइ के इस्तेमाल पर जोर दिया है।
इस दिशा में तेजी से कदम भी बढ़ाए जा रहे हैं। अपनी इन सभी उपलब्धियों को अब उत्तराखंड राष्ट्रीय मंच पर साझा कर रहा है। राज्य की ओर से लगाए गए स्टाल में प्रदेश में विकसित हो रहे एआइ आधारित समाधान, हेल्थ टेक, एग्री टेक, एडटेक और गवटेक क्षेत्रों में कार्यरत स्टार्टअप्स की झलक प्रस्तुत की गई है।
आगंतुकों को बताया जा रहा है कि राज्य सरकार नवाचार को बढ़ावा देने के लिए अनुदान, मेंटरशिप, को-वर्किंग स्पेस और कर प्रोत्साहन जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। पहाड़ी क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी सुदृढ़ करने के प्रयासों और युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण से जोडऩे की पहल को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है।
इससे नए स्टार्टअप को भी बढ़ावा मिल रहा है। समिट के दौरान निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों और तकनीकी विशेषज्ञों को उत्तराखंड में निवेश की संभावनाओं से अवगत कराया जा रहा है।
निदेशक आइटीडीए आलोक पांडेय ने बताया कि उत्तराखंड का शांत वातावरण, बेहतर कनेक्टिविटी और उभरता आइटी इकोसिस्टम तकनीकी स्टार्टअप्स के लिए अनुकूल माहौल प्रदान करता है।
स्टाल के माध्यम से बताया जा रहा है कि राज्य सरकार एआइ आधारित समाधान को शासन प्रणाली में शामिल करने की दिशा में कार्य कर रही है, जिससे सेवा वितरण अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सके।
यह भी पढ़ें- India-AI Impact Summit: 20 से ज्यादा देशों टॉप लीडर्स होंगे शामिल, एआइ के भविष्य पर करेंगे मंथन
यह भी पढ़ें- भाजपा कार्यकर्ताओं को सिखाई जाएंगी एआइ टूल की बारीकियां... सात मार्च से शुरू होंगे प्रशिक्षण शिविर |