जागरण संवाददाता, गोरखपुर। इंटरनेट मीडिया पर शहर की रहने वाली युवती की सहारनपुर में रहने वाली शादीशुदा महिला से दोस्ती हुई। अब यह दोस्ती ऐसे मोड़ पर पहुंच गई है, जिसने परिवार ही नहीं, समाज को भी सोचने पर मजबूर कर दिया है।
युवती का कहना है कि शादीशुदा महिला के साथ रहेगी। चौंकाने वाली बात यह है कि महिला का कहना है कि युवती के अलावा उसका पति भी उसी घर में रहेगा। तीनों एक साथ रहने की योजना बना रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, 22 वर्षीय युवती की जान पहचान इंटरनेट मीडिया के जरिए सहारनपुर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र में रहने वाली 35 वर्षीय महिला से हुई थी। बातचीत धीरे-धीरे नियमित चैटिंग में बदली और फिर दोनों के बीच भावनात्मक नजदीकियां बढ़ गईं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला गोरखपुर में रहकर पढ़ाई कर चुकी है। परिवार को इस रिश्ते की भनक तब लगी जब उन्होंने युवती को समझाने का प्रयास किया लेकिन 12 जनवरी को बिना बताए ही वह घर से निकल गई। संपर्क न होने पर स्वजन ने गोरखनाथ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
पुलिस ने सर्विलांस की मदद से मोबाइल लोकेशन ट्रेस की तो पता चला कि युवती सहारनपुर जिले में है। पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसे बरामद किया। स्वजन ने आशंका जताई थी कि कहीं युवती का मतांतरण न कराया गया हो, क्योंकि दोनों अलग-अलग धर्म से हैं। हालांकि गोरखपुर पहुंचने के बाद युवती ने साफ कहा कि वह बालिग है, उसने किसी प्रकार का मतांतरण नहीं किया है और अपनी मर्जी से महिला मित्र के पास गई थी।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में पंचायत चुनाव से पहले 89 हजार नाम कटे, 2.51 लाख मतदाताओं का सत्यापन बाकी
युवती ने यह भी कहा कि वह महिला के साथ रहना चाहती है और इस फैसले में उस पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है। पुलिस ने महिला से संपर्क किया तो उसने कहा कि युवती को साथ रखने पर उसे कोई आपत्ति नहीं है। जिस घर में रहेगी पति भी साथ रहेगा। युवती के स्वजन इस फैसले से स्तब्ध हैं।
उन्होंने समझाने की कोशिश की, लेकिन युवती अपने फैसले पर कायम है। परिवार इस रिश्ते को लेकर गहरी चिंता में है। मामला अलग-अलग धर्म से जुड़ा है। फिलहाल स्वजन बातचीत के जरिए समाधान की कोशिश कर रहे हैं। |
|