LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 365
मौके पर जुटी भीड़। जागरण
संवाद सूत्र,सांथा, (संतकबीर नगर)। एक अधेड़ का शव गांव के बाग में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। इसकी जानकारी मिलने पर मृतक के घर में कोहराम मच गया। पूरे गांव में सनसनी फैल गयी। इसकी सूचना मिलने पर बेलहर पुलिस मौके पर पहुंची।
स्वजन व गांव के लोगों से पूछताछ करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। यह आत्महत्या है या हत्या ? इसको लेकर दबी जुबान तरह-तरह की चर्चा हो रही है। यह मामला बेलहर थाना क्षेत्र के परासी गनवरिया गांव का है।
बेलहर थाना क्षेत्र के परासी गनवरिया गांव के सीवान में स्थित एक बाग में पेड़ पर एक अधेड़ का शव फंदे से लटका हुआ कुछ ग्रामीणों ने गुरुवार को देखा। इनके शाेर मचाने पर गांव से तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ देर में काफी भीड़ इकट्ठी हो गई।
लोगों ने मृतक की पहचान इसी गांव के निवासी 50 वर्षीय मुन्नीराम लोधी पुत्र मंगल लोधी के रूप में की। इसकी सूचना मिलने पर बेलहर के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार के अलावा सीओ मेंहदावल सर्वदवन सिंह पुलिस कर्मियों संग मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस की पूछताछ मृतक के 25 वर्षीय बेटे विकास लोधी ने बताया कि उनके पिता गुरुवार को सुबह आठ बजे घर से खाना खाने के बाद मजदूरी करने के लिए निकले थे। थोड़ी देर बाद सूचना मिली की गांव के सीवान में स्थित बाग में पेड़ पर उनका शव लटका हुआ है। इस पर वह और परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे। उसकी मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
यह आत्महत्या है या फिर हत्या, इसको लेकर दबी जुबान तरह-तरह की चर्चा हो रही है। बहरहाल बेलहर पुलिस सभी बिंदुओं की जांच करने में जुटी है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर घटना का कारण स्पष्ट होगा। उसके बाद आगे आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
करीब पांच वर्ष पहले हो गयी थी पत्नी की मृत्यु
मृतक मुन्नीराम लोधी की पत्नी की मृत्यु करीब पांच वर्ष पूर्व हो गयी थी। मृतक का केवल एक बेटा 25 वर्षीय विकास लोधी है। वह मजदूरी करके परिवार के सदस्यों का भरण-पोषण करता था। लोग बता रहे है कि काम में व्यस्त रहने वाले इस मजदूर की किसी से कोई पुरानी रंजिश थी। वह अपने काम से मतलब रखते थे। उनकी इस प्रकार की मृत्यु से गांव का प्रत्येक व्यक्ति अवाक है। घर पर सन्नाटा पसरा हुआ है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। |
|