बीएससी नर्सिंग छात्रा खुशप्रीत कौर ने की आत्महत्या (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, तरनतारन। तरनतारन के श्री गोइंदवाल साहिब स्थित बाबा फरीद यूनिवर्सिटी के रीजनल सेंटर में बीएससी नर्सिंग थर्ड सेमेस्टर की 21 वर्षीय छात्रा ने अपने कमरे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।
छात्रा की पहचान लुधियाना जिले के गांव धूरकोट निवासी खुशप्रीत कौर पुत्री अमरीक सिंह के रूप में हुई है। शुक्रवार को सुबह सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना गोइंदवाल साहिब की पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने छात्रा के मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बेटी का शव लेने सिविल अस्पताल पहुंचे अमरीक सिंह और उनकी पत्नी बलजीत कौर ने बताया कि खुशप्रीत कौर पिछले कुछ समय से परेशान दिख रही थी। उन्हें संबंधित थाने से फोन आया कि गुरुवार रात खुशप्रीत कौर ने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। अमरीक सिंह ने बताया कि कई बार उन्होंने बेटी से परेशानी का कारण पूछा था, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया।
सब डिवीजन गोइंदवाल साहिब के डीएसपी अतुल सोनी ने बताया कि ड्यूटी अधिकारी निशान सिंह ने स्वजनों के बयान दर्ज करके शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिवार को सौंप दिया है। पुलिस ने खुशप्रीत कौर के मोबाल फोन को कब्जे लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आगे की कार्रवाई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद उसके आधार पर की जाएगी। |