LHC0088 • 4 hour(s) ago • views 184
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी। फोटो सीएम एक्स
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में पिछले एक वर्ष में 37 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। हाल ही में 12 हजार 500 पदों पर भर्तियां निकाली गई हैं, जिन्हें पूर्ण पारदर्शिता के साथ जल्द ही भर दिया जाएगा।
नौकरियों में सभी वर्गों के युवाओं को समान अवसर दिए जा रहे हैं। विदेश सहयोग विभाग के माध्यम से वैध तरीके से विदेश में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को एक कार्यक्रम में कहा कि युवाओं की नई सोच और सकारात्मक ऊर्जा से प्रदेश और देश को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने पंजाब की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में वहां नशे की समस्या गंभीर रूप से बढ़ी है, जिसका दुष्प्रभाव युवा पीढ़ी पर पड़ा है।
युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखना समय की मांग है और भारतीय जनता पार्टी उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नशे के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाने के लिए हरियाणा में साइक्लोथान और मैराथन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में युवा भाग ले रहे हैं।
पंजाब की स्थिति पर जताई चिंता
अवैध नशा कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है और उनकी संपत्तियां भी अटैच की जा रही हैं। विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में विशेष जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
पंजाब में बढ़ते अपराधों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां कानून व्यवस्था को सुदृढ़ कर शांति, सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है और जनता अपेक्षित परिणाम नहीं देख पा रही है। देश की बात करें तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है और वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा सुदृढ़ हुई है।
बिना खर्ची और बिना पर्ची के सरकारी नौकरियां
बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में सड़क, राष्ट्रीय राजमार्ग और कनेक्टिविटी के विस्तार से विकास को नई गति मिली है। केंद्र सरकार की मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया और स्टैंड अप इंडिया जैसी पहलों से युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। हरियाणा सरकार ने भी पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से बिना खर्ची और बिना पर्ची के सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों के क्षेत्र में हरियाणा के खिलाड़ियों ने ओलिंपिक, पैरालिंपिक और एशियन गेम्स सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार द्वारा करोड़ों रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जा रही है। सरकार का लक्ष्य युवाओं को सशक्त बनाकर प्रदेश और देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाना है। |
|