LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 949
शेखपुरा को जाम से मिलेगी मुक्ति
जागरण संवाददाता, शेखपुरा। शेखपुरा जिले को जाम की समस्या से स्थायी राहत दिलाने की दिशा में मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के अंतर्गत चार बड़ी सड़क एवं बाईपास परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई थी। इन योजनाओं के पूरा होने से शहर के भीतर वाहनों का दबाव कम होगा, आवागमन सुगम बनेगा और क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी। तीन योजनाओं में काम तेजी से चल रहा है। एक पर काम प्रारंभ करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
जखराज स्थान से हुसैनाबाद बाईपास
पहली परियोजना के तहत जखराज स्थान से हुसैनाबाद बाईपास पथ की कुल 3.55 किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जा रहा है। सड़क की चौड़ाई 7.00 मीटर तथा 5.5 मीटर निर्धारित की गई है। इस कार्य पर लगभग 16.14 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके निर्माण से लखीसराय और चेवाड़ा की ओर से आने वाले वाहनों को शेखपुरा शहर में प्रवेश किए बिना वैकल्पिक मार्ग मिलेगा, जिससे मुख्य बाजार और प्रमुख चौक-चौराहों पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। इसमें काम किया जा रहा है।
टोटिया पहाड़ मोड़ से कुसुम्भा तक
दूसरी महत्वपूर्ण योजना के तहत एनएच 333 ए के टोटिया पहाड़ मोड़ से कुसुम्भा तक 7.35 किलोमीटर लंबा नया बाईपास पथ बनाया गया है। इस सड़क की चौड़ाई 5.5 मीटर है तथा इस पर लगभग 42.10 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
इस बाईपास के चालू होने से वाजिदपुर, मटोखर, देवरा और कुसुम्भा सहित आसपास के गांवों के वाहनों को शहर में प्रवेश के दौरान होने वाली भीड़ भाड़ से मुक्ति मिलेगी।
नेमदरगंज–रामजानपुर–कोनन मोड़ पथ
तीसरी परियोजना में नेमदरगंज–रामजानपुर–कोनन मोड़ पथ के 10.50 किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण किया जा रहा है। इस कार्य पर लगभग 43.96 करोड़ रुपये खर्च होंगे तथा सड़क की चौड़ाई 5.5 मीटर निर्धारित है। यह विष्णु धाम को जोड़ती है।
सरमेरा से पचना तक ग्रीन फील्ड सड़क
चौथी और सबसे बड़ी परियोजना सरमेरा से पचना (भदौस मोड़) तक लगभग 20 किलोमीटर लंबी ग्रीन फील्ड सड़क निर्माण से जुड़ी है, जिसकी लागत 386 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह सड़क शेखपुरा को एक सशक्त वैकल्पिक मार्ग प्रदान करेगी और क्षेत्रीय यातायात को नई दिशा देगी।
इन परियोजनाओं को विभाग ने क्षेत्रीय विकास और यातायात सुधार की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इन सड़कों के निर्माण से शेखपुरा को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी व आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। |
|