प्रतीकात्मक तस्वीर
जागरण संवाददाता, पानीपत। जिले में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने एक साल में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर करीब 20 से अधिक लोगों से 1 करोड़ 56 लाख रुपए हड़प लिए। पीड़ितों ने अब हरियाणा के पुलिस महानिदेशक को शिकायत भेजकर न्याय और अपनी जान-माल की रक्षा की गुहार लगाई है। डीजीपी के आदेशों पर केस दर्ज कर लिया गया है।
समालखा के गांव नरायणा निवासी मुकेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब एक साल पहले सतपाल, सोनिया, संदीप, समुंद्र, जितेंद्र और विजय सिवाह नामक व्यक्तियों ने एक गिरोह बनाकर भोले-भाले लोगों को ठगने की योजना बनाई। इन लोगों ने प्रचार किया कि यदि कोई उनकी कंपनी में 50 हजार रूपये लगाता है, तो उसे महज एक साल में एक लाख रुपये वापस मिलेंगे। मतलौडा थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में आरोप लगाया है कि गिरोह की सदस्य सोनिया गांवों में जाकर महिलाओं को बड़े-बड़े सपने दिखाती थी और उन्हें निवेश के लिए राजी करती थी। ठगों ने बड़ी चालाकी से बैंक ट्रांजैक्शन के बजाय पीड़ितों से नकद रुपए लिए। किसी ने 20 हजार तो किसी ने 5 लाख रुपए तक इस उम्मीद में लगा दिए कि उनका पैसा दोगुना हो जाएगा।
पीड़ितों का आरोप है कि उनके खून-पसीने की कमाई से आरोपी संदीप, सोनिया और सतपाल ने जाटल रोड स्थित रामनगर में करोड़ों रुपए की आलीशान कोठी बना ली है और अब लग्जरी गाड़ियों में घूम रहे हैं। जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे, तो उन्हें लंबे समय तक गुमराह किया गया और अब जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।
मुकेश और विजय सहित अन्य पीड़ितों ने बताया कि आरोपित विजय सिवाह ने उन्हें सरेआम गोली मारने की धमकी दी है। आरोपियों ने साफ कहा है कि कोई भी पैसा मांगने उनके पास न आए।
यह भी पढ़ें- CRPF की वर्दी... नकली ID कार्ड और ट्रक के आगे लिखा POLICE; शराब तस्करी का अनोखा तरीका देखकर पुलिस भी रह गई हैरान
इन लोगों से हुई ठगी
पीड़ित परिवारों का कहना है कि वे अब भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं और आरोपी उनके पैसों पर ऐश कर रहे हैं। ठगी का शिकार होने वालों में सोमवीर (मतलौडा), प्रदीप (शेरा), धर्मबीर (मतलौडा), अजय (कवि), रणबीर (कवि), सतबीर, लक्ष्मी, रेशमा, सावित्री (शेखपुरा), कार्तिक आचार्य, रोहताश, बजिन्द्र, राजिन्द्र (पसीना) और संदीप (बिहौली) सहित 20 से ज्यादा लोग शामिल हैं। |