प्रतीकात्मक फोटो
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। ट्रेडिंग और स्टाक के नाम पर रकम निवेश करने पर अधिक मुनाफे का झांसा देकर आरोपित ने देहरादून में तैनात चीफ फायर आफिसर (सीएफओ) से 70 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपित ने सीएफओ को बताया था कि रकम निवेश करने पर हर महीने 16 से 20 प्रतिशत तक मुनाफा होगा। एक साल बीत गया, आरोपित ने मुनाफे के अलावा जमा की गई रकम तक नहीं दी। रुपये मांगने पर आरोपित ने जान से मारने की धमकी दी।
सदर बाजार थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शामली के दयानंद नगर निवासी अंकुश कौशिक ने थाने में तहरीर देते हुए पुलिस को बताया कि वह देहरादून में सीएफओ के पद पर कार्यरत हैं। आरोप है कि थाना सदर बाजार की लक्ष्मण सिंह कालोनी निवासी विदित गुप्ता ने फारेक्स ट्रेडिंग और स्टाक के नाम पर झांसा देकर लोगों से रकम निवेश कराता है। आरोप है कि मार्च 2023 में सीएफओ की नागल के बढेड़ी के रहने वाले अवनीश कर्णवाल के जरिए मुलाकात विदित से हुई। अवनीश ने सीएफओ को बताया था कि विदित फारेक्स ट्रेडिंग का कार्य करता है और निवेश करने पर हर महीने 16 से 20 प्रतिशत तक लाभ मिलता है। आरोप है कि विदित ने भी हर माह 15 से 20 प्रतिशत लाभांश देने का भरोसा दिलाया।
पीड़ित का आरोप है कि जनवरी 2024 से 18 मार्च 2025 तक आरोपित ने आनलाइन और नकद 70 लाख रुपये लिए। एक वर्ष में मुनाफे के साथ रकम लौटाने का वादा किया था। जो लगभग डेढ़ करोड़ रुपये बनता है। सीएफओ की आरोपित से 15 मई 2025 को फोन पर बातचीत हुई थी।
आरोपित ने कहा था कि उसके पास कोई पैसा नहीं है। साथ ही जान से मार देने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी कपिल देव ने बताया कि ठगी के मामले में पीड़ित की शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कराई जा रही है। |
|