जौनपुर के मछलीशहर के गोहका गांव निवासी सुरेंद्र गौतम की फाइल फोटो।
संसू, सहसों (प्रयागराज)। गंगापार के बाबूगंज बाजार में रविवार भोर में लगभग चार बजे सड़क किनारे एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से खलबली मच गई। सूचना पर पहुंची फूलपुर कोतवाली पुलिस ने शव कब्जे में लिया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
20 फरवरी को मुंबई से ट्रेन से रवाना हुआ था
युवक की पहचान 30 वर्षीय सुरेंद्र गौतम पुत्र अमृतलाल निवासी गोहका गांव थाना मछलीशहर, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। उसके पास मिले कागजात के आधार पर पहचान होने के बाद पुलिस ने परिवार के लोगों को जानकारी दी। बिलखते हुए वे यहां पहुंचे और पुलिस को बताया कि सुरेंद्र मुंबई की निजी कंपनी में पांच माह से नौकरी करता था। 20 फरवरी को वह मुंबई से ट्रेन से घर के लिए रवाना हुआ था।
रात में घरवालों से मोबाइल पर हुई थी बात
परिवार के लोगों ने बताया कि शनिवार रात करीब 11:30 बजे सुरेंद्र ने फोन पर बातचीत की थी। बताया था कि वह सिविल लाइंस बस अड्डा से जौनपुर जाने के लिए बस में सवार हो रहा है। देर रात पत्नी प्रीति ने फोन किया तो दुर्घटना की सूचना मिली। इससे परिवार के लोग गमगीन हो गए।
सीसीटीवी से पुलिस लगा रही पता
फूलपुर पुलिस के अनुसार सुरेंद्र के पास दो बैग थे। एक बैग रोडवेज बस में मिला है। उसकी जेब से मोबाइल फोन, 700 रुपये नकद और ट्रेन का टिकट मिला। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। कोतवाली प्रभारी शेषनाथ पाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है। स्वजन की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
यह भी पढ़ें- बढ़ सकती हैं स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और शिष्यों की मुश्किलें, बच्चों से कुकर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज
यह भी पढ़ें- कुत्ते को बचाने में अनियंत्रित बाइक पलटी, दो युवकों की मौत; घरवालों ने कहा- स्कार्पियो की टक्कर से हादसा |
|