मीरजापुर में प्रेम विवाह न होने से नाराज युवक चढ़ा हाईटेंशन टावर पर।
जागरण संवाददाता, लालगंज(मीरजापुर)। थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक प्रेमिका से शादी न होने से नाराज होकर हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया। यह घटना बसही कला गांव में हुई। युवक की इस हरकत से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा। चार घंटे की मान-मनौव्वल के बाद पुलिस युवक को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही।
जानकारी के अनुसार, लालगंज थाना क्षेत्र के बसही कला गांव निवासी 22 वर्षीय पवन कुमार पुत्र राजकुमार का पतुलकी गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था। इसी बीच लड़के को पता चला कि लड़की के माता-पिता ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी है। बताया गया कि लड़का और लड़की दोनों बालिग हैं, लेकिन अलग-अलग जातियों से होने के कारण लड़की पक्ष इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहा था।
पवन के पिता राजकुमार ने बताया कि उनके बेटे की शादी भी तय हो चुकी है। उन्होंने अपनी मेहनत-मजदूरी से परिवार का भरण-पोषण करने की बात कही और बेटे की मांगों के आगे खुद को असहज बताया। लड़की की शादी कहीं और तय होने की खबर मिलते ही पवन नाराज हो गया और बसही कला गांव में वाराणसी-रीवा हाईवे के पास स्थित बिजली के हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही लालगंज थाने के उप निरीक्षक काशी प्रसाद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक को नीचे उतारने के लिए लगातार चार घंटे तक मान-मनौव्वल की। आखिरकार, पुलिस की कोशिशें रंग लाईं और युवक को सुरक्षित टावर से नीचे उतार लिया गया। इसके बाद युवक को उसके परिजनों के साथ थाने बुलाकर काउंसलिंग की गई। उप निरीक्षक काशी प्रसाद सिंह ने बताया कि युवक हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया था। गनीमत रही कि वह ज्यादा ऊपर नहीं पहुंचा, अन्यथा हाईटेंशन बिजली की चपेट में आ सकता था और कोई बड़ा हादसा हो सकता था। |
|