सोनभद्र में पागल कुत्ते का आतंक: 27 लोगों को काटा, ग्रामीणों ने मार डाला।
जागरण संवाददाता, रामगढ़ (सोनभद्र)। रामगढ़ कस्बा सहित आसपास के गांव में पागल कुत्ते ने 27 लोगों को काट लिया। कुत्ता जिधर से गुजरा लोगों को अपना शिकार बनाया। सभी का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चतरा में हुआ। उन्हें एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाया गया। इससे परेशान ग्रामीणों ने उसे घेर कर बभनियांव गांव के पास रविवार को दोपहर बाद करीब ढाई बजे मार दिया। इससे क्षेत्रीय लोगों ने राहत की सांस ली।
क्षेत्र में सुबह करीब नौ बजे से पागल कुत्ता रामगढ़ कस्बा, कसारी, काशीपुरा कस्बा, भवानी गांव, गुल्लीडाड़, नेवारी समेत अन्य गांव में लोगों को काटते हुए बभनियाव गांव की तरफ भागा। पीछा कर रहे लोगों ने उसे घेर कर बभनियाव गांव के पास मार दिया। पागल कुत्ते के काटने से चंद्रपति, राधिका देवी, सिमराजी, सुमन, राजाराम, रविकांत, प्रभावती, तारकेश्वर, नवीन, संतोष, प्रीति, विजेंद्र, बाल देवी, तेजवा, कृष्ण कुमार, अमरावती, सावित्री, कविता, राम आशीष, बुल्लू, रुस्तम, राधिका, इंद्रपाल, प्रदीप, राजेंद्र, कमला प्रसाद, दिलराज को काटकर घायल कर दिया।
घायलों में बच्चे से लेकर वृद्ध तक शामिल हैं। सभी घायल पीएचसी चतरा पहुंचे जहां प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सतीश पटेल, फार्मासिस्ट आद्या प्रसाद पांडेय व अन्य स्वास्थ्य कर्मी ने उपचार किया। उन्हें एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाया। काटे स्थान पर साबुन से खूब रगड़कर साफ करने की सलाह दी। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सतीश पटेल ने बताया कि पागल कुत्ते ने सभी को हाथ पैर में काट लिया है। सभी को रेबीज इंजेक्शन लगा दिया गया है। ज्यादा समस्या होने पर तत्काल अस्पताल पर आने की सलाह दी गई है। |