लड़की की फोटो वायरल करने की दे रहे थे धमकी।
जागरण संवाददाता, फरीदकोट। पंजाब में फरीदकोट साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने एक लड़की की फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देने के आरोप में तीन व्यक्तियों को नामजद किया है। यह मामला उस समय सामने आया जब पीड़िता के पिता को लगातार फोन कॉल आ रहे थे और कॉल करने वाले व्यक्ति उनकी बेटी की निजी फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहे थे।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता के पिता ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें अज्ञात नंबरों से फोन कॉल आ रहे थे। कॉल करने वाले व्यक्ति दावा कर रहे थे कि उनके पास उनकी बेटी की फोटो और वीडियो मौजूद हैं। आरोपितों ने धमकी दी कि यदि उनकी बात नहीं मानी गई तो वे सामग्री को इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर देंगे। इस धमकी से परिवार मानसिक रूप से परेशान हो गया।
यह भी पढ़ें- विदेश भेजने के नाम पर ठगी; पंजाब में सबसे ज्यादा शिकायतें, एफआईआर और अभियोजन पर उठे सवाल
साइबर थाने ने जांचे रिकॉर्ड
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी के निर्देश पर टेक्निकल सेल की सहायता से कॉल डिटेल्स और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की गई। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने फरीदकोट निवासी हरमन सिंह, रधिक और दीवान चंद को नामजद किया है।
यह भी पढ़ें- अमृतसर में सब्जी मंडी में अड्डा लगाने को लेकर खूनी झड़प; दोनों पक्षों ने लगाए गंभीर आरोप
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की शुरू
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपितों ने जानबूझकर फोन कर दबाव बनाने और ब्लैकमेल करने की कोशिश की। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपितों के पास वास्तव में कोई आपत्तिजनक सामग्री थी या नहीं। इस पहलू की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। आरोपितों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और मकसद का पता लगाया जाएगा।
यह भी पढ़ें- 72 घंटे के अल्टीमेटम के बीच नया विवाद; अकाल तख्त पर दोनों पूर्व जत्थेदारों को तलब करने की मांग तेज |
|