मेरठ की एएनटीएफ और सूरजपुर कोतवाली पुलिस द्वारा गिरफ्तार गांजा तस्कर। बरामद कार व बोरियों में रखा गांजा।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। मेरठ की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) टीम ने सूरजपुर कोतवाली पुलिस के साथ 80 किलो गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में गांजा की कीमत करीब 12 लाख रुपए होने का अनुमान है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से क्रेटा कार जब्त की है, इसी से गांजा की सप्लाई करते थे।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार के मुताबिक, शनिवार रात पुलिस टीम रेलवे पुल के पास सर्विस रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एएनटीएफ टीम पहुंची।
टीम ने बताया कि बादलपुर कोतवाली के दुजाना गांव निवासी रविंद्र नागर और बुलंंदशहर निवासी मोंटी क्रेटा कार से कासना होकर परी चौक होते हुए गांजा लेकर सूरजपुर की तरफ सप्लाई करने आ रहे हैं। पुलिस टीम ने कुछ देर बाद आई क्रेटा कार रोकने का इशारा किया तो चालक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा।
दोनों टीमों ने वाहन को घेर कर रोक कर गांजा बरामद किया। पूछताछ में आरोपित चालक रविन्द्र नागर ने बताया कि वर्तमान में लोटस पार्क सोसायटी सूरजपुर में रहता है। मोंटी सूरजपुर कस्बा में रहता है।
बताया कि पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश से एक अज्ञात व्यक्ति से गांजा लेकर आते थे, जिसे झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों, ट्रक और आटो चालकों के बीच खपाते थे। पुलिस नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। दोनों के खिलाफ विभिन्न थानों में करीब 12-12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया दोनों पर एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। |
|