Gold Silver Price: 23 से 27 फरवरी के बीच सोने-चांदी की कीमतों में आएगा तेजी का तूफान, एक्सपर्ट्स ने दी चेतावनी
नई दिल्ली, पीटीआई। विश्लेषकों का कहना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के वैश्विक शुल्क (Global Tariff) बढ़ाने के फैसले और पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बाद नए सिरे से व्यापार तनाव के बीच निवेशकों ने सुरक्षित-संपत्ति में सुरक्षा की मांग की है, जिससे अगले(23 से 27 फरवरी के बीच) सप्ताह चांदी और सोने में तेजी (Gold Silver Price Hike Prediction) आने की उम्मीद है।
बाजार में काम करने वाले लोग कीमती धातुओं के भाव के रुझान जानने के लिए कुछ महत्वपूर्ण आर्थिक आंकड़ों पर ध्यान देंगे। इनमें अमेरिका का उत्पादक मूल्य सूचकांक, लोगों का आर्थिक भरोसा, साप्ताहिक बेरोजगारी के दावे और चीन के केंद्रीय बैंक द्वारा ब्याज दर का फैसला शामिल है।
सोने-चांदी की बढ़ सकती हैं कीमतें?
चॉइस ब्रोकिंग ने कहा, “बाजार अमेरिकी उत्पादक मूल्य सूचकांक, आवासीय आंकड़े, उपभोक्ता विश्वास, क्षेत्रीय फेडरल रिजर्व संकेतक और चीन के केंद्रीय बैंक के प्रमुख ब्याज दर के फैसले का इंतजार कर रहे हैं।“
चॉइस ब्रोकिंग ने कहा कि अमेरिका में उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद ट्रंप का वैश्विक आयात शुल्क बढ़ाना और बढ़ते भू-राजनीतिक जोखिमों ने वैश्विक व्यापार में अनिश्चितता पैदा कर दी है, जिससे निवेशक सुरक्षित निवेश (सोना और चांदी) की ओर बढ़े हैं।
MCX पर कितनी बढ़ी सोने-चांदी की कीमत?
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी की कीमतों में पिछले सप्ताह 8,584 रुपये यानी 3.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जबकि सोने की कीमत (Gold Price Hike) लगभग 981 रुपये यानी एक प्रतिशत बढ़ी।
एक्सपर्ट ने क्या कहा?
एंजेल वन के शोध विभाग के प्रथमेश माल्या ने कहा, “सप्ताह समाप्ति 20 फरवरी तक सोने की कीमतें सीमित दायरे में रहीं। एमसीएक्स पर सोने की कीमत 10 ग्राम के हिसाब से 1.5 लाख से 1.6 लाख रुपये के बीच बदलती रही। अमेरिका के कमजोर आर्थिक आंकड़े और बढ़ते भू-राजनीतिक जोखिमों ने सोने की कीमतें बढ़ा दीं। साथ ही निवेशकों ने फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर में कटौती की संभावना को भी ध्यान में रखा।“
माल्या ने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ती तनाव की स्थिति, रूस-यूक्रेन युद्ध और व्यापक बाजार में उतार-चढ़ाव ने कुछ निवेशकों को अनिश्चितता से बचने के लिए सोने में निवेश करने के लिए प्रेरित किया है।
उन्होंने कहा, “कुल मिलाकर, इस सप्ताह कीमती धातुओं में जोखिम-मुक्त भावना बनी रही। हमें सोने की कीमतों के 1.61 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक बढ़ने का अनुमान है।“
यह भी पढ़ें- खरीदने के 2 साल बाद बेचा सोना तो क्या देना होगा टैक्स? सरकारी नियम पढ़कर अभी दूर कर लें कन्फ्यूजन |
|