बीरभूम में तृणमूल नेता के होटल में पुलिस की छापेमारी
राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता । बंगाल के बीरभूम जिले के बोलपुर इलाके में तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेता के होटल से बड़ी संख्या में कच्चे बम बरामद किए गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
दो थानों की पुलिस टीम ने बोलपुर में तृणमूल कांग्रेस नेता बाबू दास के होटल पर छापेमारी की। बाबू दास, बोलपुर नगरपालिका के वार्ड नंबर एक की पार्षद और तृणमूल कांग्रेस नेता संगिता दास के पति हैं।
हालांकि, बाबू दास फिलहाल फरार है। इस मामले में तृणमूल कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
होटल के अंदर तैयार किए जा रहे थे कच्चे बम
सूत्रों के मुताबिक, बाबू दास का होटल बोलपुर के प्रांतिक रेलवे स्टेशन के पास स्थित है। आरोप है कि होटल परिसर के अंदर कच्चे बम तैयार किए जा रहे थे। होटल से सात लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
पहले भी होटल में अवैध गतिविधियों के आरोप लग चुके हैं, जिनमें देह व्यापार का धंधा चलाने की शिकायतें शामिल हैं। |