मीर कुमार की मौत पर विलाप करती मां व अन्य परिवारीजन
संवाद सूत्र, जागरण लखीमपुर। खेतौसा गांव में शनिवार देर शाम एक युवक की घर से खींचकर धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी गई। विवाद की वजह पुरानी रंजिश बताई जाती है। मृतक की मां का कहना है कि घटना के समय वह और उसका मृतक बेटा घर पर था।
आरोपित उसे घर से खींचकर अपने घर लेकर गए और वहां पर बांका आदि से प्रहार कर हत्या कर दी। मृतक और आरोपितों के घर आमने सामने हैं। मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना फरधान के गांव खेतौसा निवासी शांति देवी पत्नी स्वर्गीय राजाराम ने बताया घर के सामने रहने वाले कमलेश कुमार से पुरानी रंजिश है। घर में हम और हमारा मृतक मीर कुमार रहते थे। जबकि बेटा नीरज और सूरज गांव में दूसरी जगह रहते है। एक बेटा धीरज काम के सिलसिले में अक्सर बाहर ही रहता है। शनिवार शाम खाना खाने के बाद मीर कुमार घर के बाहर खड़ा था।
तभी सामने रहने वाले कमलेश कुमार, रामू, चेतराम और जोगेंद्र नशे में धुत होकर गाली गलौज करने लगे। इसका विरोध करने पर यह लोग मीर कुमार को अपने खीचं ले गए और फिर धारदार हथियार बांका से हमला कर मरणासन्न हालात में छोड़कर फरार हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंचे नीरज और सूरज घायल 23 वर्षीय मीर कुमार को 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल लेकर गए। वहां पर उसकी मौत हो गई। मृतक की मां की तहरीर पर फरधान थाना पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक फरधान दिलीप कुमार चौबे ने बताया युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई है। शराब के नशे में गाली गलौज के बाद विवाद हुआ। उधर, नामजद आरोपितों में कमलेश कुमार को भी चोट लगी है, जो जिला अस्पताल भर्ती है।
चार भाइयों में था सबसे छोटा, चार माह पहले एक भाई संग की थी मारपीट
खेतौसा गांव निवासी मृतक 23 वर्षीय मीर कुमार चार भाइयों में सबसे छोटा था। मां शांति देवी ने बताया तीन भाइयों की शादी हो गई थी, जो परिवार के साथ दूसरी जगह रहते थे। मीर कुमार हमारे साथ रहता था। जो ट्रैक्टर चलाकर रोजी-रोटी कमाता था।
मां शांति देवी ने बताया कि चार माह पहले भी शराब के नशे में कमलेश ने पुत्र धीरज और नीरज संग मारपीट कर भाली से हमला कर दिया था। इसमें धीरज कुमार घायल हुआ था। इस पर पुलिस ने क्रास केस दर्ज कर लिया था। बताते हैंं कि शनिवार को पुराने विवाद को लेकर पहले कहा सुनी हुई थी। उसके बाद हुई मारपीट में मीर कुमार की मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- शादी की खुशियां मातम में बदली: लखनऊ में हर्ष फायरिंग के दौरान LDA कर्मी को लगी गोली, इलाज के दौरान मौत |
|