एक ब्रेक फेल, तेजस क्रैश और डिफेंस शेयरों में आई भारी गिरावट, HAL 4% से ज्यादा हुआ धड़ाम
नई दिल्ली। आज शेयर बाजार का मूड अच्छा है। NSE-BSE बढ़त के साथ खुले। भारतीय शेयर बाजार ने ट्रंप के टैरिफ रद्द होने का स्वागत बाहें खोल कर किया। अधिकतर सेक्टर में तेजी देखने को मिली। लेकिन डिफेंस और बैंक सेक्टर में गिरावट देखी गई। इन दोनों सेक्टर में गिरावट के पीछे दो अलग-अलग वजहें हैं। बैंक सेक्टर में IDFC First Bank में 590 करोड़ रुपये का फ्रॉड का मामला आया तो वहीं, भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान में तेजस के क्रैश की वजह से डिफेंस शेयरों में गिरावट देखी गई।
तेजस के क्रैश होने की वजह ब्रेक के फेल होने की आंशका बताई जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार इंडियन एयर फोर्स (IAF) के हल्के लड़ाकू विमान तेजस के एयरफ्रेम को इस महीने की शुरुआत में ब्रेक फेल होने की आशंका के बाद एक फ्रंटलाइन एयरबेस पर रनवे से आगे निकल जाने के बाद बड़ा नुकसान हुआ।
सूत्रों ने 22 फरवरी को PTI को बताया कि एयरक्राफ्ट का पायलट सुरक्षित निकल गया। पता चला है कि एयरक्राफ्ट ट्रेनिंग सॉर्टी के बाद बेस पर लौट रहा था। इस खबर का असर सबसे ज्यादा HAL यानी Hindustan Aeronautics Limited के शेयरों पर दिखा। इसके शेयर 4 फीसदी से अधिक गिरकर कारोबार कर रहे हैं।
क्यों गिरे HAL के शेयर?
दोपहर 2 बजकर 20 मिनट के आसपास HAL Shares -4.18 % की गिरावट के साथ 3,995.50 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं। HAL के शेयरों में आई गिरावट का मुख्य कारण यह है कि इसे डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन (DRDO) के तहत एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी (ADA) ने डिजाइन और डेवलप किया था और हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने बनाया था।
यह तेजस जेट से जुड़ा तीसरा एक्सीडेंट था। पहला एक्सीडेंट मार्च 2024 में हुआ था, जब जैसलमेर के पास एक तेजस जेट क्रैश हो गया था। दूसरा एक्सीडेंट नवंबर 2025 में हुआ था, जब दुबई एयरशो में एरियल डिस्प्ले के दौरान एक तेजस जेट क्रैश हो गया था।
अन्य डिफेंस शेयरों में भी दिखी गिरावट
HAL के अलावा अन्य डिफेंस शेयरों जैसे Bharat Electronics Limited के शेयर इस समय -0.92 % की गिरावट के साथ 437.10 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं। BEML Limited के शेयर भी 1 फीसदी से ज्यादा गिरे। Bharat Dynamics Limited के शेयरों में 3 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखी गई। Cochin Shipyard Limited के शेयरों में भी लगभग 2 फीसदी तक की गिरावट देखी गई।
यह भी पढ़ें- HDFC का हिस्सा नहीं, इन 2 कंपनियों के मिलन से बना था IDFC First Bank; फ्रॉड का दाग लगने से पहले की कहानी जानें
“शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।“
(डिस्क्लेमर: यहां शेयर को लेकर दी गई जानकारी दी गयी है, निवेश की राय नहीं। जागरण बिजनेस निवेश की सलाह नहीं दे रहा है। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।) |