LHC0088 • 6 hour(s) ago • views 536
जागरण संवाददाता, कानपुर। पोस्टमार्टम हाउस में लावारिस शवों को सड़ने से बचाने और दुर्गंध की गंभीर समस्या को दूर करने के लिए जल्द ही यहां 18 डीप फ्रीजर लगाए जाएंगे। लावारिस शवों को 72 घंटे तक रखने की बाध्यता और गर्मी के मौसम में शवों की संख्या बढ़ने से उन्हें इतनी देर तक सही ढंग से रखने की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण शव खराब होते हैं और जिससे आसपास के क्षेत्र में सड़ांध फैलती है।
इसे लेकर पोस्टमार्टम हाउस प्रभारी ने समाज कल्याण सेवा समिति के माध्यम से डीएम को प्रस्ताव भेजा था। जिसमें बाद उन्होंने आवास विकास परिषद से इसे लेकर बात की। करीब 90 लाख रुपये की लागत से यहां पर आवास विकास 18 डीप फ्रीजर लगाएगा करीब दो माह में यह लगकर तैयार हो जाएगा।
वर्ष 2024 में हीटवेव के चलते पोस्टमार्टम हाउस में लावारिस शवों का अंबार लग गया था। एक-एक दिन में 30-30 शव आ रहे थे। इतने शव एक साथ आने की वजह से पोस्टमार्टम हाउस में रखने तक की जगह नहीं बची थी और शवों की चर्बी तक बहने लगी थी। जिससे आसपास के इलाके में ऐसी दुर्गंध फैली थी कि लोगों का सांस लेना तक मुश्किल था। लावारिस शवों के पोस्टमार्टम के लिए सीएमओ ने डाक्टरों की अतिरिक्त टीम बनाई थी।
31 मई 2024 को एक ही दिन मेें 37 लावारिस शवों का पोस्टमार्टम हुआ था। इन समस्याओं को देखते हुए पोस्टमार्टम हाउस प्रभारी डा. नवनीत चौधरी और समाज कल्याण समिति के धनीराम पैंथर ने डीएम जितेन्द्र प्रताप सिंह को पोस्टमार्टम हाउस में पर्याप्त डीप फ्रीजर लगाने का प्रस्ताव दिया था ताकि लाावारिस शवों को सड़ने से बचाया जा सके। इसे लेकर डीएम ने उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद से वार्ता कर यहां 18 डीप फ्रीजर लगवाने को कहा है। पोस्टमार्टम हाउस में अप्रैल के अंत तक ये डीप फ्रीजर लग जाएंगे जिससे लावारिस शवों के सड़ांध की समस्या से निजात मिल जाएगी।
जिलाधिकारी के निर्देश पर विभाग द्वारा पोस्टमार्टम हाउस में करीब 90 लाख रुपये की लागत से डीप फ्रीजर लगवाए जाएंगे। जिससे लावारिस शवों की वजह से दुर्गंध न फैले और उनका ससम्मान अंतिम संस्कार हो सके। जल्द काम शुरु कराकर दो माह के भीतर इसे लगवा दिया जाएगा।
- फराज असलम,अधिशासी अभियंता उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद
डीप फ्रीजर के साथ ये काम भी होंगे
अधिशासी अभियंता फराज आलम ने बताया कि पोस्टमार्टम हाउस में डीप फ्रीजर के साथ ही टीनशेड लगाया जाएगा और शवों को रखने के लिए चबूतरा भी बनाया जाएगा। अभी तक शवों को जमीन में रखना पड़ता है। इसके साथ ही हाल में पार्टीशन किया जाएगा।जिससे जब एक शव का पोस्टमार्टम हो रहा हो तो दूसरा शव न नजर आए। शवों को रखने वाले चबूतरे और खाली जगह में टाइल्स लगाए जाएंगे ताकि गंदगी होने पर उसे धोकर तुरंत साफ किया जाा सके। |
|