जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। कौशांबी थाना क्षेत्र में वैशाली स्थित गोवर्धन अपार्टमेंट के 14वें फ्लोर पर सोमवार सुबह एक बंद फ्लैट में आग लग गई। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने दमकल की दो गाड़ियों व सोसायटी में लगे अग्निशमन उपकरणों से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया। इस दौरान एहतियात के तौर पर आसपास के फ्लैटों को खाली कराया गया। घटना में किसी प्रकार की अनहोनी की सूचना नहीं है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि वैशाली की गोवर्धन अपार्टमेंट सोसायटी के फ्लैट नंबर 1404 में अंकिता जायसवाल रहती हैं। सुबह करीब 11 बजे वह किसी काम से फ्लैट का ताला लगाकर बाहर गईं थी। तभी पड़ोसियों ने उनके फ्लैट से धुंआ उठता देख पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी।
वैशाली के गोवर्धन अपार्टमेंट के फ्लैट में लगी आग को बुझाते अग्निशमनकर्मी। सौ. विभाग
कुछ ही देर में आग तेजी से फ्लैट में फैल गई और लपटें निकलने लगीं। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने हौज पाईप फैलाकर आग बुझाने का प्रयास किया। इसके साथ ही सोसायटी में लगे अग्निशमन उपकरणों की भी मदद ली गई। करीब एक घंटे की मश्क्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया लिया।
दमकल विभाग ने आसपास के फ्लैट कराए खाली
आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने एहतियात के तौर पर आसपास के फ्लैटों को खाली कराया। कर्मचारियों ने फ्लैटों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित सोसासटी से बाहर निकाला और भूतल पर पहुंचाया। दमकल कर्मियों ने लोगों को हिम्मत रखने के लिए प्रेरित किया।
सोसायटी में बड़ा हादसा टला
देखते ही देखते आग पूरे फ्लैट में फैल गई। फ्लैट में दो गैस सिलेंडर भी रखे हुए थे। जिन्हें कर्मचारियों द्वारा समय रहते बाहर निकाल लिया गया। यदि गैस सिलेंडर आग पकड़ लेते तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना में फ्लैट में रखा हुआ अधिकांश सामान जल गया। आग से फ्लैट में लाखों का नुकसान बताया गया है। |
|