LHC0088 • 3 hour(s) ago • views 957
संवाद सूत्र (लक्ष्मीपुर) महराजगंज। ट्राम वे रेल परियोजना के बंद होने के बाद लक्ष्मीपुर के एकमा डिपो में रखे गए दो इंजनों को लखनऊ ले जाया गया। स्थानीय लोग इन इंजनों को ले जाने का विरोध कर रहे थे, जिसके कारण बीते 17 फरवरी को इंजन लेने आई रेलवे की टीम को बैरंग वापस जाना पड़ा था।
सोमवार को पुन: बड़ी संख्या में आरपीएफ जवानों, स्थानीय पुलिस व वनकर्मियों के साथ आए पूवोत्तर रेलवे के अधिकारी दो वाहनों पर इंजन को लेकर लखनऊ रवाना हो गए। इन इंजनों को पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल मुख्यालय में स्थापित किया जाएगा।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर अरविंद सिंह, आरपीएफ के मिथिलेश गौतम इंजन ले जाने वाले वाहनों के साथ एकमा डिपो पहुंचे। डिपो में रखे इंजनों को निकाल कर क्रेन के माध्यम से वाहनों पर लोड किया गया। इसके बाद वनकर्मियों से कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद रेल कर्मी दोनों इंजनों को लेकर रवाना हो गए। डिपो में शेष बचे एक इंजन को ट्रैक का निर्माण होने के बाद गोरखपुर चिड़ियाघर में रखा जाएगा।
चार इंजनों को एकमा डिपो में किया संरक्षित
1924 में लक्ष्मीपुर रेलवे स्टेशन के निकट जंगल से लकड़ी ढोने के लिए संचालित ट्राम- वे को 1982 में घाटा दिखा कर बंद कर दिया गया था। इसके बाद से चार इंजनों को एकमा डिपो में संरक्षित कर दिया गया। इसमें से एक इंजन वर्ष 2009 में लखनऊ चिड़ियाघर में रखवा दिया गया था। तबसे तीन इंजन एकमा डिपो में पड़े थे।
बीते दिनों प्रधान मुख्य वन संरक्षक सुनील चौधरी ने पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक को दो इंजनों को लखनऊ स्थित मंडल रेल मुख्यालय व एक इंजन को शहीद अशफाक उल्लाह खान प्राणी उद्यान गोरखपुर में रखने के लिए पत्र भेजा था। जिसके बाद पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारी इन ट्राम वे इंजनों को लखनऊ ले जाने के लिए प्रयासरत थे।
शुक्रवार को रेलवे के सीनियर डिविजनल मैकेनिकल इंजीनियर निलेश कुमार के नेतृत्व में आई टीम ने इंजनों का निरीक्षण किया था। उन्होंने अपनी रिपोर्ट डीआरएम को सौंपी थी। जैसे ही इंजनों को ले जाने के लिए टीम पहुंची लोग सकते में आ गए।
यह भी पढ़ें- अब UP में आधार कार्ड से मिलेगा राशन, अधिकारियों के लिए सरकारी आदेश जारी
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ के वरिष्ठ सहायक अभियंता अरविद सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर 12 फरवरी को ट्राम वे इंजनों को लखनऊ ले जाने का आदेश हुआ था। टीम इंजनों काे लेकर लखनऊ के लिए रवाना हो गई है। |
|