भारत महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला
पीटीआई, ब्रिसबेन। टी-20 सीरीज जीत चुकी मौजूदा विश्व चैंपियन भारतीय टीम तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच में मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया से खेलेगी तो उसे मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल होगी। भारत ने पिछले साल नवी मुंबई में विश्व कप सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया था। यह सीरीज इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया की महानतम खिलाड़ियों में से एक एलिसा हीली इसके बाद वनडे प्रारूप से विदा लेने जा रही हैं।
भारत के विरुद्ध छह मार्च से पर्थ में शुरू हो रहा टेस्ट उनके करियर का आखिरी मैच होगा। तीन मैचों की टी-20 सीरीज से बाहर रहने के बाद हीली की वापसी हुई है। भारत ने सीरीज 2-1 से जीती जो पिछले एक दशक में इस प्रारूप में ऑस्ट्रेलिया में सीरीज में उसकी पहली जीत थी। स्टार लेग स्पिनर अलाना किंग भी वनडे और टेस्ट टीम में लौटी हैं। भारत के लिए काशवी गौतम, हरलीन देओल और प्रतिका रावल टीम में अरूंधति रेड्डी, भारती फुलमाली और श्रेयांका पाटिल की जगह आई हैं।
प्रतिका रावल की वापसी
टखने की चोट से उबरी प्रतिका को बाद में वनडे टीम में शामिल किया गया है। स्टार प्रारंभिक बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने तीसरे टी-20 में 82 रन बनाए थे और वह इस फॉर्म को जारी रखना चाहेंगी। मंधाना ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया को ऑस्ट्रेलिया में हराना खास है। हम विश्व क्रिकेट में दबदबा बनाना चाहते हैं लिहाजा किसे हराते हैं और कहां हराते हैं, यह मायने नहीं रखता। हमें बस लगातार जीतना है और शीर्ष पर रहना है।
फॉर्म में भारतीय बल्लेबाज
वनडे विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया पर पांच विकेट से मिली जीत में 127 रन बनाने वाली जेमिमा रोड्रिग्स भी अच्छी लय में हैं जिन्होंने तीसरे टी20 में 59 रन बनाये थे। कप्तान हरमनप्रीत कौर को पहले टी-20 में बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला लेकिन दूसरे में उन्होंने 36 और तीसरे में नाबाद दो रन बनाए थे। इधर ऑस्ट्रेलियाई टीम में भी मैच जिताने वाले खिलाड़ियों की कमी नहीं है। एलिस पैरी, एशले गार्डनर, बेथ मूनी, ताहलिया मैकग्रा, हीली और किंग टीम की वापसी की कोशिश करेंगी।
यह भी पढ़ें- ZIM vs WI: शिमरन हेटमायर ने T20 World Cup में किया बड़ा करिश्मा, ऐसा करने वाले बने वेस्टइंडीज के पहले बल्लेबाज
यह भी पढ़ें- जिम्बाब्वे-वेस्टइंडीज पर जीत बावजूद सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाएगा भारत? SA के खिलाफ हार के बाद बुरी तरह फंसी टीम इंडिया  |