पिटने के बाद छात्र अपने सिर और हाथ की चोट दिखाते हुए। जागरण
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ से सटे परनाला गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शारीरिक शिक्षा अध्यापक ने दसवीं के छात्र को बेरहमी से पीट दिया। उसके सिरे पर इतने डंडे मारे कि खून निकल आया और छात्र बेहोश होकर गिर पड़ा।
बाद में छात्र की मां स्कूल पहुंची और उसे अस्पताल लेकर गई। उसे ट्रामा सेंटर से रोहतक रेफर किया गया। छात्र ने प्रैक्टिकल का पेपर नहीं दिया था। इसी से नाराज होकर शिक्षक ने छात्र को बुरी तरह पीट दिया।
स्कूल प्राचार्य ने भी माना- शिक्षक ने ज्यादा पीटा
स्कूल प्राचार्य ने भी माना है कि शिक्षक ज्यादा ही तैश में आ गए। लाइनपार की वत्स कॉलोनी के रहने वाले छात्र सन्नी के साथ यह घटना हुई। स्कूल में प्री-बोर्ड परीक्षा के दौरान वह प्रैक्टिकल का पेपर नहीं दे पाया था। उसका कहना है कि उसे पता नहीं था। इसी कारण वह परिवार के साथ उस दिन कार्यक्रम में चला गया।
इधर, सोमवार को बच्चों को एडमिट कार्ड देना था। आरोप है कि शारीरिक शिक्षा अध्यापक सतीश कुमार ने आकर सन्नी का एडमिट कार्ड रुकवा दिया। फिर प्रैक्टिकल का पेपर न देने पर उसकी सबके सामने पिटाई शुरू कर दी।
डंडे की चोट से सिर से निकला खून और...
शिक्षक ने डंडा भी मंगवाया और उससे पीटा। सिर में डंडे की चोट से सन्नी को खून निकल आया। अंगुली में भी चोट लगी। फिर बेहोश हो गया। इधर, स्कूल से सूचना पर सन्नी के पिता बिजेंद्र और मां रितु पहुंचे और उसे अस्पताल लेकर गए।
छात्र की मां ने बताया कि जब वे पहुंचे तो दो बच्चे सन्नी को पकड़कर लेकर आए। पहले उसे प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में ट्रॉमा सेंटर लेकर गए। इससे पहले पुलिस को भी सूचना दी। सिर में चोट की वजह से ट्रामा सेंटर से सन्नी को रेफर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- झज्जर में छात्र को टीचर ने डंडे से पीटा, सिर में आई चोट; रोहतक PGI रेफर
बच्चे को ज्यादा पीटा गया। हम उसे अस्पताल लेकर जाने वाले थे। मगर बच्चे ने मना कर दिया था। पहले अभिभावकों को बुलाने के लिए कहा तो हमने घर पर सूचना दे दी। परिवार ने पुलिस को शिकायत दी है। थाने से हमारे पास सूचना आई थी। संबंधित टीचर को बुलाया गया था। -
-संतोष देवी, प्राचार्या, परनाला स्कूल
यह मामला मेरे संज्ञान में आया था। परिवार ने पुलिस को सूचना दे रखी थी। ऐसे में इस बारे में पुलिस द्वारा ही कार्रवाई की जाएगी। -
-शेर सिंह, बीईओ, बहादुरगढ़
इस बारे में शिकायत आई थी। छात्र के परिवार और शिक्षक के बीच समझौते की बात चल रही थी। मामले को देखा जा रहा है। -
-धर्मेंद्र सिंह, एसएचओ, लाइनपार थाना, बहादुरगढ़  |
|