LHC0088 • 3 hour(s) ago • views 896
संवाद सूत्र, बखिरा। गौरा कला गांव के पास मंगलवार को ग्रामीणों ने बाइक पर बैग में प्रतिबंधित मांस ले जा रहे एक युवक को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पहुंची पीआरबी टीम को ग्रामीणों ने युवक को मांस सहित सिपुर्द कर दिया। पुलिस युवक को थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
मंगलवार की दोपहर 12 बजे गौरा निवासी विवेक कुमार कनौजिया पुत्र कनिक लाल समेत अन्य युवक गांव में सड़क पर टहल रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर बाइक से जा रहे युवक के पीछे बांधे गए काले बैग पर पड़ी। संदेह होने पर युवकों ने उससे पूछताछ की, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
युवकों ने घेरकर बैग किया चेक
इस पर युवकों ने घेरकर बैग चेक किया तो उसमें मांस नजर आया। थोड़ी ही देर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। प्रतिबंधित मांस होने की आशंका पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरबी टीम युवक को बाइक और संदिग्ध मांस के साथ पकड़कर थाने ले आई।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम एजाजुल हसन पुत्र जमीरुल हसन, निवासी रसूलपुर दशहरी बाग, थाना गोरखनाथ, जनपद गोरखपुर बताया। उसने बताया कि वह जाफरा बाजार, गोरखपुर स्थित स्लाटर हाउस से मांस लाकर बेचने जा रहा था। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह ने बताया कि मांस की जांच के लिए पशु चिकित्सक को बुलाया गया है। युवक को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
थाने पहुंचे विश्व हिंदू महासंघ के पदाधिकारी, कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना पर विश्व हिंदू महासंघ के जिला उपाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी उर्फ दरोगा, जिला उपाध्यक्ष धीरज पाठक तथा गौसेवा प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष संजय शर्मा बखिरा थाने पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक से मुलाकात की।
यह भी पढ़ें- रॉयल्टी जमा ना करने पर अधीक्षण अभियंता समेत 9 अधिकारियों से मांगा जवाब, 11.10 करोड़ हैं बकाया
आशुतोष त्रिपाठी ने आरोपित के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस मामले के मास्टरमाइंड पर भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। धीरज पाठक ने भी दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।  |
|