केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह। फाइल
राज्य ब्यूरो, पटना। Amit Shah Bihar Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार 25 फरवरी से तीन दिवसीय बिहार दौरे पर आ रहे हैं।
इस दौरान वे भारत-नेपाल की करीब 700 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा, प्रबंधन और उससे जुड़ी सुरक्षा चुनौतियों की विस्तृत समीक्षा करेंगे।
साथ ही सीमा पार से तस्करी, आर्थिक गतिविधियों की निगरानी और समन्वय तंत्र को मजबूत बनाने पर विशेष चर्चा होगी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, गृह मंत्री बुधवार शाम पूर्णिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से हेलिकाप्टर से किशनगंज रवाना होंगे।
किशनगंज में करेंगे उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
किशनगंज समाहरणालय में करीब दो घंटे तक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। जिसमें सीमा सुरक्षा से जुड़े अधिकारी शामिल रहेंगे। गृह मंत्री किशनगंज में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
गुरुवार, 26 फरवरी को वे अररिया जाएंगे। अररिया जिले में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की सीमा चौकी \“\“लेटीÓ का उद्घाटन करेंगे।
भारत-नेपाल सीमा से जुड़े मुद्दों पर करेंगे मंथन
इसके बाद अररिया समाहरणालय में सात सीमावर्ती जिलों के जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ भारत-नेपाल सीमा से जुड़े मुद्दों पर समीक्षा बैठक करेंगे।
इसी दौरान केंद्र प्रायोजित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम की भी समीक्षा होगी। केंद्रीय गृह सचिव के साथ एसएसबी, ईडी और आइबी के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी की संभावना है।
वे 26 फरवरी की रात पूर्णिया में ठहरेंगे। 27 फरवरी को पूर्णिया या पटना में सीमावर्ती जिलों से संबंधित मामलों पर एक और महत्वपूर्ण बैठक हो सकती है। बैठक के बाद वे उसी दिन दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
यह बैठक भारत-नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा प्रबंधन को लेकर हो रही है। बैठक में सीमा प्रबंधन के साथ ही ड्रग्स व जाली नोट की तस्करी समेत अन्य मुद्दों पर भी विचार मंथन और समीक्षा होगी।
विनय कुमार, पुलिस महानिदेशक, बिहार  |