नीरज अम्बष्ठ, रांची। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने विधानसभा में अलग-अलग जेंंडर तथा बाल बजट भी पेश किया। जेंडर बजट के तहत 17 विभागों की कुल 232 योजनाओं के लिए राशि का प्रविधान किया गया है। इन योजनाओं पर कुल 34,211.27 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
यह राशि पिछले वर्ष के जेंडर बजट की तुलना में लगभग दो हजार करोड़ रुपये अधिक है। इसी तरह, 10,793.16 करोड़ रुपये का बाल बजट भी पेश किया गया है। निश्चित रूप से ये योजनाएं महिला एवं बाल स्वास्थ्य, बच्चों की शिक्षा तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
जेंडर बजट राज्य के कुल बजट का लगभग 33.89 प्रतिशत है। इस तरह, कुल बजट में इतनी प्रतिशत राशि केवल महिलाओं पर खर्च होगी। हालांकि वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल बजट में जेंडर बजट की हिस्सेदारी 35.54 प्रतिशत थी। जेंडर बजट में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना में सम्मिलित मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना भी सम्मिलित है, जिसके लिए 14065.57 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है।
इस योजना के तहत राज्य सरकार 56 लाख महिलाओं को प्रतिमाह ढाई हजार रुपये देती है। आउटकम बजट की योजनाओं में से बच्चों से संबंधित कुल 138 योजनाओं के आधार पर बाल बजट तैयार किया गया है। इस तरह, कुल मूल बजट में 10,793.16 करोड़ रुपये का प्रविधान सिर्फ बच्चों के लिए किया गया है।
यह राशि कुल योजना आकार का लगभग 10.7 प्रतिशत है तथा पिछले वर्ष से एक हजार करोड़ रुपये अधिक है। प्रतिशत हिस्सेदारी की बात करें तो महिलाओं एवं बच्चों दोनों की हिस्सेदारी के मामले में पिछले तीन वर्षों से यह स्थिर बना हुआ है।
केवल थोड़ा-बहुत प्रतिशत में कमी या वृद्धि हुई है। महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित विशेष और संवेदनशील योजनाओं के लिए कुल विभागीय बजट की तुलना में प्रतिशत आवंटन में बहुत अधिक बदलाव नहीं हुआ है।
कुल बजट में महिलाओं की हिस्सेदारी (राशि करोड़ में)
विवरण 2023-24 2024-25 2025-26 2026-27
कुल बजट (योजना) (करोड़ ₹)
70,973.00
79,782.00
91,741.53
1,00,891.00
महिलाओं का हिस्सा (करोड़ ₹)
11,075.86
22,162.00
32,604.00
34,211.27
महिलाओं का प्रतिशत (%)
15.60%
27.78%
35.54%
33.89%
कुल बजट में नौनिहालों की हिस्सेदारी (राशि करोड़ में)
विवरण 2023-24 2024-25 2025-26 2026-27
कुल बजट (योजना) (करोड़ ₹)
70,973.00
79,782.00
91,741.53
1,00,891.00
बच्चों का हिस्सा (करोड़ ₹)
8,158.51
9,705.53
9,899.87
10,793.16
बच्चों का प्रतिशत (%)
11.50%
12.17%
10.79%
10.70%
 |