जम्मू-कश्मीर में कैसा रहेगा आज का मौसम? (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, जम्मू। पूरे जम्मू-कश्मीर में शुष्क मौसम के साथ तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है। कश्मीर में तो सर्दी के इस मौसम में गर्मी रिकॉर्ड बनाती दिख रही। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है।
कश्मीर संभाग के अधिकतर क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 10.0 डिग्री सेल्सियस ऊपर चल रहा है। जम्मू संभाग में तापमान सामान्य से 2 से 8 डिग्री सेल्सियस सामान्य से ऊपर चल रहा है। बनिहाल और बटोत में तापमान सामान्य से 7-8 डिग्री सेल्सियस ऊपर चल रहा है। जम्मू में भी जिस तरीके से गर्मी बढ़ने का सिलसिला चल रहा है। उसे देखते लगता है कि कुछ दिनों में भी गर्मी से बचने के लिए पंखे की जरूरत महसूस होने लगेगी।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर से मिली जानकारी अनुसार, जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और सभी प्रमुख केंद्रों पर वर्षा शून्य दर्ज की गई। कश्मीर घाटी में श्रीनगर का अधिकतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 10.0 डिग्री सेल्सियस अधिक है। काजीगुंड में 21.2 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम में 17.6 डिग्री सेल्सियस और कुपवाड़ा में 20.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकार्ड किया गया। गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
जम्मू संभाग में जम्मू शहर का अधिकतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.0 डिग्री सेल्सियस अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कटड़ा में 24.5 डिग्री सेल्सियस बनिहाल में 21.4 डिग्री सेल्सियस और भद्रवाह में 18.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकार्ड किया गया।  |