जागरण संवाददाता, मधेपुरा। जिला मुख्यालय में टीपी कॉलेज चौक से बेलहा घाट जाने वाली सड़क किनारे स्थित पप्पू जनरल स्टोर के संचालक पिंटू केसरी से मंगलवार की रात करीब 12.40 बजे बाइक सवार बदमाशों ने बंद दुकान खोलकर सिगरेट और रजनीगंधा मांगा। दुकानदार ने देने से इनकार किया तो बदमाशों ने पिंटू केसरी के मुंंह में पिस्टल घुसेड़कर गोली मार दी।
इस दौरान दुकान के बाहर खड़े स्टाफ शहनवाज ने शोर मचाने की कोशिश की तो उसे भी बदमाशों ने पिस्टल सटाकर धमकाया और उसकी जेब से नकदी निकाल ली। जाते-जाते बदमाशों ने पिंटू केसरी की जेब से भी नकदी निकाल ली। पिंटू केसरी को गोली लगने के बाद शहनवाज ने ही स्वजन को जानकारी दी।
मौके पर पहुंचे स्वजन जख्मी दुकानदार को मेडिकल कॉलेज ले गए। मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें सहरसा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार की सुबह आपरेशन कर जबड़े में फंसी गोली निकाली गई। इधर, सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दुकान बंद कर घर लौटने की तैयारी में थे पिंटू:
पुराने बाजार के रामरहीम रोड निवासी जख्मी पिंटू केसरी के स्वजन के अनुसार मंगलवार की देर रात पिंटू केसरी अपनी दुकान बंद कर घर आने की तैयारी कर रहा था। इसी बीच बाइक सवार पांच बदमाश दुकान के सामने बाइक रोक पिंटू से सिगरेट और रजनीगंधा देने की मांग करने लगे।
पिंटू ने दुकान खोल सिगरेट और रजनीगंधा देने से इनकार कर दिया। इसी पर बदमाशों ने पिंटू को मुंह में हथियार सटाकर गोली मार दिया। गोली उसके जबड़े में लगने के साथ वह जख्मी होकर गिर गया। स्वजन के अनुसार फिलहाल आपरेशन के बाद पिंटू की हालत खतरे से बाहर है।
सिगरेट नहीं देने की वजह से बदमाशों ने दुकानदार को गोली मारी है। जख्मी के फर्द बयान पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। बदमाशों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। - विमलेंदु कुमार, सदर थानाध्यक्ष