26 फरवरी से एक मार्च तक चार दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। इस वीकेंड ग्रेटर नोएडा के सम्राट मिहिर भोज पार्क (सिटी पार्क) में फूलों की दुनिया देखने को तैयार रहिए। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर 26 फरवरी से एक मार्च तक चार दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन होने जा रहा है। पुष्प प्रदर्शनी में फूलों से निर्मित भारत माता के माथे पर तिलक लगाते हुए आपरेशन सिंदूर, राष्ट्रीय पक्षी मोर, शेर, हार्ट शेप आदि आकृतियां खूब आकर्षित करेंगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से भी भरपूर मनोरंजन होगा। खाने के भी स्टाल होंगे। पुष्प प्रदर्शनी के लिए सिटी पार्क को सजाने का काम चल रहा है। फव्वारों को दुरुस्त कर दिया गया है। विभिन्न आकृतियों के स्ट्रक्चर बन रहे हैं। इसमें प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।
पुष्प प्रदर्शनी में पहली बार ड्रोन शो का आयोजन आकर्षण का प्रमुख केंद्र होगा। इस पुष्प प्रदर्शनी में आपरेशन सिंदूर पर आधारित आकृति बनाई जाएगी। इसके अतिरिक्त फूलों से बनीं राष्ट्रीय पक्षी मोर, हार्ट शेप, शेर आदि आकृतियां भी लोगों को अपनी ओर आकर्षित करेंगी। प्रदर्शनी में एक लाख से अधिक मौसमी फूल प्रदर्शित किए जाएंगे।
पुष्प प्रदर्शनी का थीम फ्लावर कैलेंडुला है। इसे ध्यान में रखते हुए सिटी पार्क के साथ प्रमुख मार्गों के गोलचक्करों, हरित क्षेत्र और सेंट्रल वर्ज पर भी कैलेंडुला के पौधे लगाए गए हैं, जिनमें फूल खिल गए हैं। प्राधिकरण की तरफ से 40 गोलचक्कर, 45 हरित क्षेत्र और 17 सेंट्रल वर्ज एडाप्शन पर दिए गए हैं। पुष्प प्रदर्शनी में आर्टिफीशियल इंटेलीजेंस (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) व रोबोटिक्स जैसी आधुनिक तकनीक की भी झलक देखने को मिलेगी।
शहर के छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान किया जाएगा। नुक्कड़ नाटक के जरिए पर्यावण संरक्षण और कबाड़ के रीयूज का संदेश भी दिया जाएगा। पुष्प प्रदर्शनी में नृत्य, संगीत, कविता व नुक्कड़ नाटक सहित अन्य प्रतियोगिताएं होंगी।
सिटी पार्क में पुष्प प्रदर्शनी के भव्य आयोजन की तैयारी चल रही है। समय से पूरी हो जाएंगी। लोग इस वीकेंड सिटी पार्क में पुष्प प्रदर्शनी को एंज्वाय कर सकते हैं। इस आयोजना को सफल बनाने के लिए जन सहभागिता जरूरी है। बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक, सभी को अच्छा लगेगा। दर्शकों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा। - श्रीलक्ष्मी वीएस, एसीईओ, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण
यह भी पढ़ें- गलगोटिया यूनिवर्सिटी के बीटेक के छात्र ने किया सुसाइड, हॉस्टल के कमरे में फंदे पर लटका मिला शव
 |