फेज-दो में पुरानी बिल्डिंग तोड़ने के दौरान बराबर फैक्ट्री की दीवार व गार्ड रूम गिरा।
जागरण संवाददाता, नोएडा। फेज-दो थानाक्षेत्र में बुधवार शाम करीब सात बजे सम्वर्धाना मदरसन ग्रुप (मदरसन कंपनी) की पुरानी बिल्डिंग तोड़ने के दौरान बराबर की तिआनयिन वर्ल्डटेक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की बाउंड्रीवाल व गार्ड रूम की दीवार गिर गई। कंपनी के पदाधिकारी का आरोप है कि मदरसन प्रबंधन द्वारा लापरवाही व बिना सक्षम प्राधिकरण की अनुमति व मानक का पालन किए बिना पुरानी बिल्डिंग तोड़ी जा रही थी।
गनीमत रही कि हादसे के दौरान किसी को चोट नहीं लगी। मामले में डायल-112 पुलिस को सूचना दी गई। हालांकि ठेकेदार रिजवान ने कहा कि बगल की फैक्ट्री में जो भी नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई सुबह कर दी जाएगी। बाउंड्रीवाल को निर्माण करा दिया जाएगा।
तिआनयिन कंपनी के एडमिन हेड अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि बी ब्लाक में सम्वर्र्धना मदरसन ग्रुप की एक कंपनी की पुरानी बिल्डिंग है। पिछले कई दिनों से बिल्डिंग को तोड़ने का काम चल रहा है। वह कई बार ध्वस्तीकरण को लेकर सवाल उठा चुके हैं लेकिन, प्राधिकरण, पुलिस और अन्य विभागों के जिम्मदार अधिकारियों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इसी बीच शाम के समय उनकी कंपनी के कर्मचारी डयूटी खत्म होने पर बाहर जा रहे थे।
तभी मदरसन की बिल्डिंग का मलबा भरभराकर उनकी कंपनी की ओर आ गिरा, जिससे बाउंड्रीवाल और सुरक्षा गार्ड के कमरे की छत, दीवार टूट गई। इतना ही नहीं, आइजीएल की पाइपलाइन फटने से वहां भगदड़ मच गई। किसी तरह स्टाफ ने पाइप लाइन से गैस के कनेक्शन को बंद कर उसे काबू किया। उनका आरोप ये भी है कि तोड़फोड़ के दौरान भारी मलबा अनियंत्रित तरीके से गिराया गयाा।
वहां सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, सेफ्टी नेट, प्रोटोकाल का पालन नहीं किया गया। इतना ही नहीं, आसपास की फैक्टरियों में काम करने वाले श्रमिक व स्टाफ की सुरक्षा को भी नजरअंदाज किया गया। इस मामले में नोएडा प्राधिकरण के नियाेजन विभाग की महाप्रबंधक मीना भागर्व और वर्क सर्किल सात के वरिष्ठ प्रबंधक कपिलदेव सिंह को कई बार फोन से संपर्क किया लेकिन, उन्होंने इस बड़ी लापरवाही पर कोई जवाब नहीं दिया।
आइजीएल का बयान
कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन सीईओ अमनदीप का कहना है कि आइजीएल की लाइन क्षतिग्रस्त होने की सूचना थी, लेकिन क्विक रिस्पांस टीम को तत्काल मौके का निरीक्षण में कोई लाइन क्षतिग्रस्त नहीं मिली है।
पुलिस का बयान
फेज-दो थाने के प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि डायल-112 पर सूचना मिली थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता की स्थिति गंभीर, नोएडा के अस्पताल में हैं भर्ती  |