हरियाणा की दो राज्यसभा सीटों पर चुनाव प्रक्रिया शुरू (फाइल फोटो)
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। केंद्रीय चुनाव आयोग ने हरियाणा की दो सीटों पर होने वाले राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया चालू कर दी है। भाजपा के राज्यसभा सदस्यों किरण चौधरी और रामचंद्र जांगड़ा का कार्यकाल पूरा होने पर यह दोनों सीटें खाली हो रही हैं।
राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा में विधायकों की संख्या के आधार पर एक सीट भाजपा और एक सीट कांग्रेस के खाते में जानी तय है। केंद्रीय चुनाव आयोग ने हरियाणा के सीनियर आईएएस अधिकारी पकंज अग्रवाल को राज्यसभा चुनाव के लिए रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया है, जबकि विधानसभा में डिप्टी सेक्रेटरी गौरव गोयल को सहायक रिटर्निंग अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पिछले दो चुनाव से आईएएस अधिकारी को राज्यसभा चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। राज्यसभा के चुनाव में पेन की स्याही बदलने के कांड के बाद से विधानसभा सचिवालय के किसी अधिकारी को रिटर्निंग अधिकारी नहीं लगाया गया है। उस समय कांग्रेस व इनेलो समर्थित आरके आनंद चुनाव हार गए थे और भाजपा समर्थित सुभाष चंद्रा चुनाव जीत गये थे।
तब भाजपा ने अपनी पहली सीट पर चौधरी बीरेंद्र सिंह को राज्यसभा भेजा था। उस चुनाव में विधानसभा सचिव आरके नांदल को राज्यसभा चुनाव के लिए रिटर्निंग अधिकारी बनाया गया था। किरण चौधरी और रामचंद्र जांगड़ा का कार्यकाल नौ अप्रैल को पूरा हो रहा हैं।
रिटर्निंग अधिकारी पंकज अग्रवाल कृषि एवं किसान कल्याण विभाग में प्रधान सचिव हैं। उन्होंने बताया कि राज्यसभा की दोनों सीटों के लिए नामांकन पांच मार्च तक जमा किए जा सकते हैं। नामांकनों की स्क्रूटनी छह मार्च को होगी। आवेदक नौ मार्च तक अपने आवेदन वापस ले सकते हैं। अगर आवश्यक हुआ तो 16 मार्च को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक हरियाणा विधानसभा सचिवालय के कमेटी रूप में मतदान कराया जाएगा। आवेदन दस्तावेज कार्य दिवसों में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक हरियाणा विधानसभा सचिवालय में एआरओ गौरव गोयल को सौंपे जा सकते हैं। बता दें कि भाजपा की निगाह कांग्रेस के हिस्से वाली राज्यसभा सीट पर भी है।
इस सीट पर अपने समर्थन से उम्मीदवार उतारने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल जल्दी ही भाजपा हाईकमान से स्वीकृति प्राप्त कर सकते हैं। पहली सीट पर भाजपा उम्मीदवार के रूप में नाम पर चर्चा हो चुकी है, जिसके लिए भी केंद्रीय नेतृत्व से अनुमति प्राप्त की जाएगी। दो राज्यसभा सीटों के लिए भाजपा व कांग्रेस द्वारा एक-एक उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे जाने और कोई तीसरा उम्मीदवार सामने नहीं आने की स्थिति में मतदान कराने की आवश्यकता नहीं होगी।
तब नौ मार्च को उम्मीदवारी वापसी के अंतिम दिन ही चुनाव के रिटर्निंग आफिसर द्वारा दोनों पार्टियों के प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया जाएगा। अगर इस चुनाव में कोई तीसरा उम्मीदवार उतरता है तो फिर मतदान से चुनाव होगा।  |
|