जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। सीमापुरी इलाके में सोमवार रात पत्नी से दुर्व्यवहार का विरोध करने पर मामा-भांजे ने महिला के सामने ही एक व्यक्ति की चाकू और कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। आरोपियों ने बीच सड़क पर वारदात को अंजाम दिया। युवक के पेट, कमर, चेहरे और हाथ पर चाकू के नौ वार मिले हैं। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
मृतक की पहचान अकबर अली के रूप में हुई है। महिला की पत्नी फरहीन की शिकायत पर सीमापुरी थाना पुलिस ने हत्या और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनकी पहचान मुख्य आरोपी मुस्लिम और उसके मामा मोहिबुल के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके पास से हथियार बरामद किए हैं। जान गंवाने वाला अकबर सीमापुरी थाने का घोषित अपराधी था और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास समेत 12 आपराधिक मामले दर्ज थे। अकबर अपने परिवार के साथ सीमापुरी की झुग्गियों में रहता था। परिवार में उसकी पत्नी और कई अन्य सदस्य थे।
मृतक की पत्नी फरहीन ने पुलिस को बताया कि वह किसी काम से घर से बाहर गई थी, तभी पड़ोस में रहने वाले मुस्लिम ने उसे गली में घेर लिया। उसने उसके साथ बदसलूकी शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज और मारपीट की। इसी बीच महिला का पति अकबर आ गया और बीच-बचाव करने लगा।
आरोप है कि अकबर को देखकर मुस्लिम भड़क गया। उसने अपने चाचा मोहिबुल को बुला लिया। कुछ ही देर में मोहिबुल आ गया। चाचा-भतीजे ने अकबर पर चाकू और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। महिला ने जब अपने पति को बचाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उस पर भी हमला करने की कोशिश की। वे उसे लहूलुहान छोड़कर मौके से फरार हो गए। फरहीन अपने पति को जीटीबी अस्पताल ले गई, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने हत्या और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
- प्रशांत गौतम, शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त। |
|