सीएम के आगमन के लिए रंग करते कारीगर।
जागरण संवाददाता, मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर शहर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। नगर निगम की टीमें सुबह से ही दौड़ती रहीं। वृंदावन में जगह-जगह वाल पेंटिंग के साथ सड़कों को दुरुस्त कराया जा रहा है। विशेष सफाई कराई जा रही है। खराब लाइटों को भी दुरुस्त कराया जा रहा है।
वॉल पेंटिंग, सड़कों की मरम्मत, विशेष सफाई कार्य कराया
रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता जिले में दौरे पर आ रहे हैं। इसको लेकर शनिवार की सुबह से ही जिले के अधिकारी तैयारी में जुटे रहे। नगर आयुक्त जग प्रवेश ने सभी विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारी में जुटने के निर्देश दिए। निर्माण विभाग को बांकेबिहारी मंदिर, श्रीकृष्ण जन्मभूमि, छटीकरा मार्ग, बीएसए मार्ग, नया बस स्टैंड के सामने हाईसे से लिंक मार्ग पर सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए निर्देश
इसी के साथ ही टीमें सुबह से दौड़ने लगीं। बीएसए मार्ग के डिवाइडर पर रंगरोगन कराया गया। महोली मार्ग पर विधायक राजेश चौधरी के आवास तक वाल पेंटिंग का कार्य कराया गया। लाइटों को दुरुस्त कराया गया। सड़क के गड्ढे भरवाए गए। इसी तरह जन्मभूमि के आसपास क्षेत्र में भी कार्य कराए गए। वृंदावन जोन के सभी प्रमुख मार्ग को दुरुस्त कराया गया है। यमुना एक्सप्रेसवे से शहर की ओर आने वाले मार्ग को भी दुरुस्त कराया गया है। देर रात तक टीमें जुटी रहीं।
शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में जुटी टीमें
नगर आयुक्त जग प्रवेश ने बताया, मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर वाल पेंटिंग, सड़कों की मरम्मत, सुंदरीकरण के कार्य कराए गए हैं। विशेष सफाई के लिए टीमें लगा दी गई हैं। कचरा उठान के लिए अलग से गाड़ियां लगा दी गई हैं। शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाया गया है। नगर आयुक्त ने अधिकारियों के साथ एसबीआई चौराहा, मुर्गा फाटक, डैंपियर नगर, पाञ्चजन्य आडीटोरियम मार्ग, भगत सिंह पार्क एवं आसपास के प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने बैठक कर की तैयारियों की समीक्षा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगमन को लेकर अधिकारियों ने शनिवार को बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह, डीआइजी शैलेष कुमार पांडेय, डीएम सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद अक्षय पात्र पहुंचे और यहां व्यवस्थाएं देखीं। चार धाम में अधिकारियों ने देर शाम बैठक कर अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए। |