search
 Forgot password?
 Register now
search

सहारनपुर को मिली बड़ी सौगात: काली-घाघरो नदी पर बनेंगे दो नए पुल, चुनहेटी के पास बनेगा रेलवे ओवर ब्रिज

Chikheang 3 day(s) ago views 204
  

एआई जेनेरेटेड तस्वीर



जागरण संवाददाता, सहारनपुर। सेतु निगम जनपद में काली नदी और घाघरो नदी पर पुल बनवाने और चुनहेटी के पास रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण की तैयारी कर रहा है। सेतु निगम ने तीनों कार्यों के लिए करीब 103 करोड़ रुपये अनुमानित खर्च का प्रस्ताव शासन को भिजवाया है।

सहारनपुर-दिल्ली मार्ग पर चुनहेटी फाटक के पास आए दिन लगने वाले लंबे जाम से जल्द ही निजात मिलने की उम्मीद जगी है। पंचकूला-देहरादून बाईपास से दिल्ली तक फोरलेन हो चुके इस मार्ग पर बाईपास से चुनहेटी फाटक होते हुए सहारनपुर तक का हिस्सा अभी संकरा है, जबकि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों की संख्या में वाहन सहारनपुर से शामली और दिल्ली आते-जाते हैं।

हालांकि पंचकूला-देहरादून बाईपास से सहारनपुर तक मार्ग को फोरलेन किए जाने के लिए भी प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन इसे स्वीकृति नहीं मिली थी। हाल ही में सेतु निगम ने चुनहेटी के पास रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से निपटने के लिए ओवर ब्रिज बनाने का प्रस्ताव शासन को भिजवाया है। इसके तहत करीब 60 कराेड़ 76 लाख 26 हजार रुपये की लागत से रेलवे ओवर ब्रिज और पहुंच मार्ग का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है।

सेतु निगम ने इसके अलावा देवबंद से मिरगपुर मार्ग पर काली नदी पर पुल निर्माण का भी प्रस्ताव भिजवाया है। करीब 16 कराेड़ 62 लाख 39 हजार रुपये की लागत से काली नदी पर पुल के साथ ही पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक कार्य कराया जाना भी प्रस्तावित है।

बता दें कि काली नदी पर बना पुल काफी पुराना हो चुका है। ग्रामीणों की मानें तो यहां से प्रतिदिन कई गांवों के हजारों लोगों का आवागमन होता है।

वहीं सेतु निगम ने चिलकाना क्षेत्र में गांव नथमलपुर के पास बरसाती नदी घाघरो पर भी पुल निर्माण कराने का प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए भिजवाया है। नदी पुल, पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक कार्यों पर कुल 26 करोड़ 20 लाख 87 हजार रुपये के अनुमानित खर्च का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।

बता दें कि बरसात के दिनों में घाघरो नदी में पानी का बहाव तेज होने से ग्रामीणों का दूसरी ओर से संपर्क कट जाता है और उन्हें खेतों में आने-जाने में भी परेशानी होती है। इस पुल के बनने से बरसात के दिनों में ग्रामीणों को होने वाली परेशानी दूर हो जाएगी।



काली नदी और घाघरो नदी पर पुल निर्माण कराने तथा सहारनपुर-दिल्ली मार्ग पर चुनहेटी फाटक के पास रेलवे ओवर ब्रिज बनवाने का प्रस्ताव भिजवाया गया है। तीनों निर्माण कार्यों में करीब 103.59 करोड़ रुपये का खर्च अनुमानित है। प्रस्तावों को स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।


                                                                 सतेंद्र सिंह, परियोजना प्रबंधक सेतु निर्माण निगम
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1510K

Credits

Forum Veteran

Credits
157953