search

Bihar Weather News: बिहार के कई जिलों में कोहरे की दस्तक, ठंड बढ़ने पर मौसम विभाग ने दी ये चेतावनी; जानें अपने शहर का हाल

Chikheang 2025-11-5 11:36:45 views 1271
  

Bihar Weather News: बिहार में मौसम अब करवट लेकर सर्दी की ओर बढ़ने लगा है।



संवाद सहयोगी, भागलपुर। Bihar Weather News बिहार में मोंथा चक्रवात का प्रभाव कमते ही बारिश की फुहारें थम गई हैं, लेकिन मौसम अब करवट लेकर सर्दी की ओर बढ़ने लगा है। शहर की हवा में ठंडक घुलनी शुरू हो गई है और देर शाम से लेकर सुबह तक हल्का कोहरा छाने लगा है। सोमवार की तुलना में मंगलवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम में ठंडक स्पष्ट महसूस होने लगी है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

हाल ही में हुई बारिश के बाद वातावरण में नमी की मात्रा अभी भी अधिक बनी हुई है। इसी नमी के कारण देर रात से लेकर सुबह तक हल्का कोहरा छाया रहता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगर तापमान में और गिरावट आती है, तो आने वाले दिनों में घना कोहरा भी बन सकता है, जिससे दृश्यता प्रभावित होगी। हालांकि फिलहाल घने कोहरे की संभावना कम बताई गई है। सुबह-शाम हल्की सर्द हवा के साथ गुलाबी ठंड महसूस होगी, लेकिन अभी कड़ाके की ठंड पड़ने में थोड़ा समय है।
हवा की गुणवत्ता पर असर, बढ़ रहा प्रदूषण स्तर

इधर, कोहरे और नमी की वजह से शहर की हवा की गुणवत्ता पर भी असर पड़ना शुरू हो गया है। निचले स्तर पर नमी और प्रदूषित कणों के मिश्रण से वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में गिरावट दर्ज की जा रही है। यदि आसमान साफ नहीं हुआ और हवा की गति कम रही, तो भागलपुर में प्रदूषण का स्तर और बढ़ सकता है।
मौसम शुष्क रहेगा, तापमान में उतार-चढ़ाव जारी

बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बिहार में 5 से 9 नवंबर के बीच मौसम शुष्क और आसमान साफ रहने का अनुमान है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। औसतन 75 प्रतिशत के आसपास आर्द्रता रहने का अनुमान है, जबकि 4 से 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिमी हवा चलेगी।

मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। 84 प्रतिशत आर्द्रता के साथ 2.1 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पश्चिमी हवा चल रही है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम में इसी तरह की स्थिति बनी रहेगी।

कुल मिलाकर, भागलपुर में मौसम अब धीरे-धीरे सर्दी की दस्तक महसूस कराने लगा है। देर रात और सुबह की ठंड, हल्का कोहरा और तापमान में गिरावट आने वाले दिनों के मौसम की स्पष्ट तस्वीर पेश कर रहे हैं।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
169244