गौतमबुद्धनगर के दादरी स्थित घोड़ी बछेड़ा निवासी दशरथ पाल।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के सरकारी आवास पर एक युवक खुद को भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा का प्रतिनिधि बताकर तीन साथियों के साथ पहुंचा था। सतर्कता टीम को उनपर शक हुआ तो पूछताछ की, जिसके बाद सभी को पकड़ लिया गया। तत्काल उन्होंने गौतमपल्ली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। इस मामले में सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) विकास जायसवाल ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। सिक्टोरिटी इंचार्ज की तरफ से तहरीर दी जा रही है, मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
इंस्पेक्टर गौतमपल्ली रत्नेश सिंह ने बताया कि पकडा गया आरोपित गौतमबुद्धनगर के दादरी स्थित घोड़ी बछेड़ा निवासी दशरथ पाल है। जांच में सामने आया कि आरोपित तीन साथियों के साथ शिष्टाचार भेंट के नाम पर उपमुख्यमंत्री के आवास पहुंचा था। उसके व्यवहार और बातचीत पर सतर्कता टीम को संदेह हुआ।जिसके बाद गहन पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपित अपने दावों का कोई प्रमाण नहीं दे पाया। उसकी सच्चाई उजागर होने पर दिल्ली में सूचना देने के साथ ही गौतमपल्ली पुलिस को बताया गया। जांच में सामने आया है कि आरोपित उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बुलंदशहर और लखनऊ सहित कई जिलों में स्वयं को दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष का प्रतिनिधि बताकर लोगों को भ्रमित कर रहा था।
इसी झूठे प्रभाव के कारण वह कई लोगों को गुमराह कर चुका था। कथित तौर पर धोखाधड़ी के प्रयास भी किए थे। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि इस युवक के बारे में उपमुख्यमंत्री को पहले ही सूचना दी गई थी, लेकिन इसकी पुष्टि किसी ने नहीं की थी। घटना की जानकारी तत्काल दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को भी भेज दी गई। इंस्पेक्टर गौतमपल्ली ने बताया कि पूछताछ कर कार्रवाई की जा रही है। |
|