बिहार पुलिस में बंपर बहाली का चलेगा सिलसिला। सांकेतिक तस्वीर
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार पुलिस में बंपर बहाली का दौर अभी जारी रहेगा। नए पुलिस अवर निरीक्षकों की दीक्षा परेड के बाद जल्द ही अगली बहाली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अवर निरीक्षक के 1799 पदों पर नियुक्ति का विज्ञापन प्रकाशित है, जिसपर जल्द परीक्षा ली जाएगी। वहीं 19,838 सिपाही पदों के लिए लिखित परीक्षा हो चुकी है, जबकि शारीरिक परीक्षा इसी माह शुरू होगी।
मार्च 2026 तक इनका चयन पूरा कर लिया जाएगा। इस वर्ष 21 हजार 391 सिपाहियों की नियुक्ति कर उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है।वर्तमान में बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित पुलिस उपाधीक्षक के 19 पदाधिकारियों का प्रशिक्षण जारी है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
इसके अलावा चालक सिपाही के 4300 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया के तहत लिखित परीक्षा आयोजित की गई है। बिहार पुलिस के सभी पदों की स्वीकृत संख्या 2 लाख 29 हजार 651 है।
एमपी, हरियाणा और मेघालय का भी प्रशिक्षु अवर निरीक्षकों ने किया अध्ययन दौरा
बिहार पुलिस के 2023 बैच के 1218 अवर निरीक्षकों को बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर के साथ भारत के कई प्रतिष्ठित संस्थानों का भी अध्ययन दौरा कराया गया है।
इनमें भोपाल में यातायात प्रबंधन, हरियाणा के मनेसर में एनएसजी, मेघालय में साइबर अपराध अनुसंधान और पटना के डायल-112 में प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारी दी गई। राज्य के अंदर भी नेशनल इंस्टीट्यूट आफ इलेक्ट्रानिक्स एंड इंफार्मेशन टेक्नोलाजी में कंप्यूटर और साइबर से संबंधित तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया है।
वहीं दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय गयाजी में मानव व्यवहार एवं प्रबंधन विषय पर प्रशिक्षण दिया गया। एम्स पटना के डा. विनय कुमार और डा. निखिल गोयल ने मेडिको लीगल से संबंधित विषय पर प्रशिक्षण दिया।
इसके अलावा प्रशिक्षुओं को सीसीटीएनएस, ई-साक्ष्य एप की तकनीकी पहलुओं के बारे भी विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। पुलिस मुख्यालय के अनुसार, प्रशिक्षु अवर निरीक्षकों के द्वारा प्रशिक्षण अवधि में देश में होने वाली अलग-अलग खेल प्रतिस्पर्धाओं में भी भाग लिया गया जिसमें 29 पदक जीते।
इनमें सात स्वण, 14 रजत और आठ कांस्य पदक शामिल हैं। शनिवार को राजगीर में हुए दीक्षा परेड में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ मंत्री विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार, डीजीपी विनय कुमार, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, एडीजी मुख्यालय कुंदन कृष्णन, बिहार पुलिस अकादमी की निदेशक आर मलर विजी आदि भी मौजूद रहे। |