search

झारखंड भाजपा ने की 279 मंडल अध्यक्षों की घोषणा, 240 नामों का कब होगा एलान?

cy520520 2025-12-15 15:37:43 views 1168
  

नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्षों को किया गया सम्मानित। फोटो जागरण  



राज्य ब्यूरो, रांची। भाजपा प्रदेश चुनाव अधिकारी प्रदीप वर्मा ने रविवार को प्रदेश के 279 मंडल अध्यक्षों के निर्वाचन की अधिकृत सूची जारी की। प्रदीप वर्मा ने कहा कि संगठन पर्व के तहत प्रदेश के सभी जिलों में स्थित मंडल के अध्यक्षों के निर्वाचन की प्रक्रिया तेज गति से चल रही है। दो दिनों में 519 मंडलों में से 279 मंडल अध्यक्षों की घोषणा पार्टी ने की है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

16 दिसंबर तक बाकी बचे मंडल अध्यक्षों के निर्वाचन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने इंटरनेट मीडिया में मंडल अध्यक्षों की चल रही सूची को गलत बताया।

उन्होंने कहा कि पार्टी विरोधी लोग कार्यकर्ताओं को दिग्भ्रमित कर रहे हैं। पार्टी ने अभी रांची महानगर, रांची ग्रामीण, लातेहार, लोहरदगा, पलामू,गढ़वा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, चतरा, हजारीबाग, दुमका, रामगढ़, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद ग्रामीण, जामताड़ा, देवघर, पाकुड़, साहेबगंज, कोडरमा जिले के घोषित मंडल अध्यक्षों की अधिकृत सूची जारी की है।
घोषणा पर इंटरनेट मीडिया में उबाल

गढ़वा जिले में भाजपा मंडल अध्यक्षों की हालिया घोषणा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं व आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। चिनियां और रामकंडा मंडल में दिवंगत कार्यकर्ताओं को मंडल प्रतिनिधि घोषित किए जाने की चर्चा अभी पूरी तरह थमी भी नहीं थी कि डंडई मंडल से विवाद ने तूल पकड़ लिया।

डंडई मंडल के भाजयुमो उपाध्यक्ष अलख निरंजन ने इंटरनेट मीडिया पर 70 के दशक में बनी फिल्म मर्यादा के गीत “जुबां पर दर्द भरी दास्तां चली आई, बहार आने से पहले फिजा चली आई” की पंक्तियों के सहारे अपनी नाराजगी जाहिर की।

उन्होंने नव घोषित मंडल अध्यक्ष श्रवण चंद्रवंशी के राजनीतिक जीवन का हवाला देते हुए अन्य कार्यकर्ताओं को केवल झंडा धोने और दरी बिछाने तक सीमित बताकर पार्टी और शीर्ष नेतृत्व पर भड़ास निकाली।

वहीं, रमना भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष सत्यवंत सिंह उर्फ छोटू ने भी तंज कसते हुए प्रतिक्रिया दी कि उन्हें आजीवन मंडल अध्यक्ष बना दिया जाए। दूसरी ओर, रमना सांसद प्रतिनिधि प्रभात कुमार ने अलख निरंजन की पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए लिखा कि संगठन ने इस बार स्वर्गवासी कार्यकर्ताओं पर भी भरोसा जताया है।

अलग-अलग इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर भाजपा के मंडल स्तर के कार्यकर्ता खुलकर अपनी नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं, जबकि संगठन की ओर से चुप्पी साधे रहने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। यही कारण है कि यह पूरा मामला अब प्रतिद्वंद्वी दलों के कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच भी चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
मौर्या फार्म हाउस में आयोजित सम्मान समारोह में किया गया सम्मानित

पांकी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नवनियुक्त भारतीय जनता पार्टी के सभी मंडल अध्यक्षों का सम्मान समारोह प्रखंड मुख्यालय स्थित मौर्या फार्म हाउस में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पांकी विधायक कुशवाहा डा. शशिभूषण मेहता तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष लवली गुप्ता उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर अतिथियों द्वारा सभी नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों एवं मंडल प्रतिनिधियों को शाल ओढ़ाकर, फूल-माला पहनाकर तथा मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने सभी को नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।

विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता ने कहा कि मंडल अध्यक्ष पार्टी और जनता के बीच सेतु की भूमिका निभाते हैं। उनके सक्रिय, निष्ठावान और समर्पित कार्य से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा पार्टी की नीतियां जन-जन तक पहुंचेंगी।

वहीं प्रदेश कोषाध्यक्ष लवली गुप्ता ने संगठन की मजबूती के लिए अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने का संदेश दिया। मौके पर जिला प्रतिनिधि प्रकाश मेहता, प्रोफेसर बच्चन ठाकुर, विधायक प्रतिनिधि सुनील कुशवाहा, पांकी विधायक प्रतिनिधि राजेंद्र यादव, मनातू विधायक प्रतिनिधि उदेश यादव, मनातू मंडल अध्यक्ष अरविंद यादव, मुखिया संघ के अध्यक्ष मंदीप मेहता, काशिनाथ विश्वकर्मा, साधु मांझी, मंजित सिंह, रौशन सिंह, महेश्वर सिंह, रजयं ठाकुर, परमेश्वर साव, संदीप कुमार, राकेश कुमार चंद्रवंशी, महेश यादव, सुधीर तिवारी, दिलीप मेहता, संतोष शुक्ला, अरविंद मेहता, कार्तिक सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1510K

Credits

Forum Veteran

Credits
153737