पृथ्वी शॉ को पिछले साल नीलामी में नहीं मिला था खरीदार
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत को अपनी कप्तानी में साल 2018 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने वाले पृथ्वी शॉ पिछले साल आईपीएल नहीं खेले थे। दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें रिटेन नहीं किया था और न ही किसी और टीम ने उन्हें नीलामी में खरीदा था। हालांकि, आईपीएल-2026 की मिनी ऑक्शन में उन्हें खरीदार मिलने की उम्मीद थी, लेकिन पृथ्वी इस सीजन भी किसी भी टीम से खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
पृथ्वी ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत दिल्ली फ्रेंचाइजी से ही की थी। तब इस टीम का नाम दिल्ली डेयरडेविल्स था। शुरुआती सीजनों में अपने प्रदर्शन से प्रभावित करने वाले पृथ्वी साल 2024 तक इसी फ्रेंचाइजी के लिए खेले। हालांकि, खराब फॉर्म के कारण उन्हें पिछले सीजन आईपीएल से बाहर बैठना पड़ा।
इस बार पृथ्वी शॉ 75 लाख रुपये की बेस प्राइस के साथ उतरे थे, लेकिन किसी भी टीम ने उनके नाम पर पैडल नहीं उठाया और वह खाली हाथ रह गए।
ऐसा रहा है आईपीएल करियर
पृथ्वी ने साल 2018 में दिल्ली के लिए कुल नौ मैच खेले और 245 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 153.12 का और औसत 27.22 का रहा है। साल 2019 में पृथ्वी ने 16 मैचों में 353 रन बनाए थे। दोनों सीजन उनके बल्ले से दो-दो अर्धशतक निकले थे। 2020 में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। इसी सीजन 13 मैचों में उन्होंने सिर्फ 228 रन बनाए थे जिसमें दो अर्धशतक ही लगाए थे। 2021 में पृथ्वी का बल्ला जमकर बोला था। 15 मैचों में उन्होंने 479 रन बनाए थे। इस सीजन उनके बल्ले से चार अर्धशतक निकले थे।
अगले साल फिर उनके प्रदर्शन में गिरावट आई थी। 2022 में 10 मैचों में उन्होंने 283 रन बनाए। हालांकि, उनका स्ट्राइक रेट 152.97 था और उनके बल्ले से दो अर्धशतक भी निकले थे, लेकिन निरंतरता की कमी उसमें देखी गई थी। 2023 में पृथ्वी को आठ मैच ही खेलने को मिले थे और उन्होंने सिर्फ 108 रन ही बनाए थे। 2024 में भी कुछ यही हाल था। आठ मैचों में उनके बल्ले से 198 रन ही निकले थे। दोनों सीजनों में उनके बल्ले से एक-एक अर्धशतक निकला था।
यह भी पढ़ें- IPL 2026 Auction, Cameron Green: कैमरन ग्रीन ने तोड़ा रिकॉर्ड, 25.20 करोड़ में कोलकाता ने खरीदा
यह भी पढ़ें- KKR, IPL Auction 2026 Live: कैमरन ग्रीन बन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी, केकेआर ने 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा |