LHC0088 • 2025-12-21 15:37:52 • views 947
ठंड में आग तापते लोग। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, भागलपुर। शुक्रवार की तुलना में शनिवार को तेज गति से चली पछुआ हवा ने कनकनी बढ़ा दी है। सुबह घना कोहरा छाये रहने और दो दिनों से सूर्यदेव के दर्शन नहीं होने से दिन में भी रात जैसी ठंड का अहसास हुआ। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
पिछले दो दिनों में अधिकतम तापमान में सात डिग्री और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। फिलहाल ऐसा ही मौसम बना रहेगा। ठंड से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनातम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आठ किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक रफ्तार से पछुआ हवा चल रही है।
बताया गया कि वातावरण में नमी कम होने से वायु प्रदूषण में कमी आई है। शनिवार को शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 45 दर्ज किया गया, जो बेहतर श्रेणी में आता है।
बिगड़ी लोगों की दिनचर्या
भागलपुर में ठंड ने लोगों की दिनचर्या पूरी तरह से बिगाड़ कर रख दी है। तेज पछुआ हवा ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर ऊपर बना पश्चिमी विक्षोभ और उत्तरी भारत के ऊपर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय सब-ट्रापिकल पछुआ जेट स्ट्रीम का असर जिले में साफ तौर पर दिख रहा है। इसी कारण पछुआ हवा के साथ ठंड का असर बढ़ गया है और आसमान में घना कुहासा छाया हुआ है।
अगले सात दिनों तक शुष्क बना रहेगा मौसम
बिहार मौसम सेवा केंद्र, पटना के अनुसार अगले सात दिनों तक प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा। घने कोहरे की संभावना बनी रहेगी। कुछ स्थानों पर शीत दिवस जैसी स्थिति हो सकती है। बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम विभाग ने भी फिलहाल बादल और कोहरे के असर के बने रहने की बात कही है। |
|