आंध्र प्रदेश के CM चंद्रबाबू नायडू कल आएंगे अयोध्या।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू रविवार को आ रहे हैं। वह सीधे राम मंदिर जाकर रामलला का दर्शन-पूजन करेंगे और रामजन्मभूमि परिसर का भ्रमण कर मंदिर निर्माण की शैली से अवगत होंगे। उनका परिसर में निर्मित सात देवी-देवताओं के पूरक मंदिरों व कुबेर टीले का भी दर्शन और मंडल पूजा में प्रतिभाग करने का कार्यक्रम नियत है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
वह रामनगरी में लगभग तीन घंटे रहेंगे। शनिवार को उनके दौरे से संबंधित तैयारियाें की समीक्षा की गई और परिसर के विभिन्न स्थानों पर आकस्मिक चेकिंग कर सुरक्षा व्यवस्था परखी गई।
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय ने शनिवार दोपहर अमरावती से आए मुख्यमंत्री के सुरक्षा अधिकारी, ट्रस्टी डॉ. अनिल कुमार मिश्र, एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे, एडीएम इंद्रकांत द्विवेदी, मंदिर मजिस्ट्रेट प्रवीण यादव व पवन शर्मा के साथ रामजन्मभूमि परिसर का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान राम मंदिर सहित सभी सात पूरक मंदिरों में दर्शन से संंबंधित मार्गों, सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई और व्यवस्था से जुड़े कर्मियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे ने आद्य गुरु शंकराचार्य प्रवेश द्वार सहित रंगमहल बैरियर गेट संख्या-दो, मध्वाचार्य प्रवेश द्वार गेट संख्या-तीन आदि की चेकिंग व्यवस्था परखी और चेक पोस्ट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को दर्शन पास व श्रद्धालुओं की सघन चेकिंग का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन को मिले मिनट-टू-मिनट कार्यक्रमानुसार मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू रविवार सुबह लगभग 11 बजे महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरेंगे। यहां उनका स्वागत होगा। इसके बाद वह लगभग साढ़े 11 बजे सड़क मार्ग से सीधे रामजन्मभूमि परिसर पहुंचेंगे।
लगभग ढाई बजे तक परिसर में रहकर दर्शन-पूजन व मंदिरों का अवलोकन करेंगे। यहां से वह सीधे एयरपोर्ट जाएंगे और 2:40 बजे विमान से रवाना हो जाएंगे। |