search

कोहरे के आगोश में जम्मू, सामान्य से तीन डिग्री लुढ़का पारा, शाम ढलते ही बाजारों में पसरा सन्नाटा

LHC0088 2025-12-30 10:57:37 views 376
  



जागरण संवाददाता, जम्मू। शहर सुबह से लेकर शाम तक कोहरे के आगोश में रहा, जिस कारण जहां तापमान में सामान्य से तीन डिग्री से ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। इससे ठंड का प्रकोप भी बढ़ा है। उधर, सोमवार को दिनभर सूर्य देव के दर्शन नहीं हो पाए। दिनभर छाए घने कोहरे के चलते शहर के विभिन्न मार्गों सहित जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा है। वाहन लाइटें जलाकर रेंगते नजर आए। ठंड के चलते नौकरी पेशा लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

उधर, लोग सामान की खरीदारी के लिए ही बाजारों में पहुंचे। कई बाजारों में लोगों को अलाव का सहारा लेते देखा गया। शहर में जारी फ्लाईओवर निर्माण के चलते वाहन चालकों को कोहरे के बीच काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है।

शाम ढलते ही बाजारों में पसरा सन्नाटा

शाम ढलते ही बाजारों में सन्नाटा पसर गया। लोग शाम से पहले ही घरों में कैद रहे। रविवार के बाद सोमवार को भी पूरे दिन देखने को मिला। खासकर मैदानी और निचले इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।

हालात ऐसे रहे कि कई स्थानों पर महज पांच से 10 फीट की दूरी तक देख पाना भी मुश्किल हो गया। सुबह जल्दी उठकर खेतों या अन्य कामों में जुटने वाले लोगों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और करीब 10 बजे तक सामान्य कामकाज प्रभावित रहा। बाजार आम दिनों की तुलना में कुछ पहले ही बंद हो गए। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि लगातार कोहरे के कारण ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है।

मौसम विभाग के अनुसार कोहरे का असर दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। हालांकि, सोमवार को लंबे समय बाद जम्मू के तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई और यह सामान्य से थोड़ा नीचे आया है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों, विशेषकर वाहन चालकों, से सतर्कता बरतने की अपील की है और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। लगातार बने कोहरे के कारण आने वाले दिनों में भी यातायात और दैनिक गतिविधियों पर असर बने रहने की संभावना जताई जा रही है।

3.4 डिग्री कम रहा शहर के अधिकतम तापमान

जम्मू में पिछले दिनों के मुकाबले मौसम में ठंडक और बढ़ी है। शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सामान्य अधिकतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस होता है। न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से ऊपर रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1510K

Credits

Forum Veteran

Credits
159049