search

मनरेगा का नाम बदलने पर कांग्रेस का विरोध, झारखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष बोले-गांधी की दूसरी हत्या

cy520520 2026-1-3 19:27:21 views 1076
  

धनबाद में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते राजेश ठाकुर और अन्य।  



जागरण संवाददाता, धनबाद। केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (MGNREGA) का नया नाम विकसित भारत गारंटी फार रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB-G-RAM-G) करने के विरोध में कांग्रेस द्वारा शनिवार को राज्यव्यापी अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रदेश के नेताओं ने प्रेस कांफ्रेंस कर विरोध जताया।  

धनबाद में विरोध करने के लिए मौजूद थे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर। उन्होंने हाउसिंग कालोनी स्थित धनबाद जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में केंद्र सरकार की खिंचाई की। उनके साथ थे प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह।  

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि यह सिर्फ मनरेगा का नाम बदलने का मामला नहीं है, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी रोजगार गारंटी योजना की योजनाबद्ध हत्या है। उन्होंने कहा कि मनरेगा कानून ने ग्रामीणों को काम मांगने का कानूनी अधिकार दिया, 100 दिनों के रोजगार की गारंटी सुनिश्चित की और विकेंद्रीकृत शासन को मजबूत किया। इस योजना से महिलाओं, भूमिहीनों और गरीब तबके को सशक्त बनाने में बड़ी भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि मनरेगा से गांधी जी का नाम हटाने की प्रक्रिया भाजपा और आरएसएस की गांधीवादी मूल्यों के प्रति असहजता और अविश्वास को दर्शाती है। यह भारतीय इतिहास के एक जनकेंद्रित और कल्याणकारी कानून से राष्ट्रपिता के जुड़ाव को मिटाने का प्रयास है, जिसे कांग्रेस कभी स्वीकार नहीं करेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा जैसी संजीवनी योजना के बावजूद उसका नाम बदलना मोदी सरकार की निम्नस्तरीय सोच को उजागर करता है। कांग्रेस सरकारों की योजनाओं का नाम बदलकर उन्हें अपना बताना भाजपा की पुरानी नीति रही है।

मोदी सरकार ऐतिहासिक कार्य करने के बजाय यूपीए की योजनाओं पर सिर्फ अपना ठप्पा लगाकर जनता को गुमराह कर रही है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने तीखे शब्दों में कहा कि जिनके विचारधारा के लोग गोडसे का समर्थन करते हैं, वे आज गांधी जी के नाम को योजनाओं से हटाने का पाप कर रहे हैं। मनरेगा का नाम बदलना गांधी जी की “दूसरी हत्या” के समान है।
जनता की स्मृति से गांधी को मिटाना चाहती है बीजेपी

राजेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा गांधी जी को जनता की स्मृति से मिटाना चाहती है, लेकिन कांग्रेस इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने बताया कि आगामी पांच जनवरी यानी सोमवार को राष्ट्रव्यापी मनरेगा बचाव अभियान के तहत झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से मोरहाबादी स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा से राजभवन तक पदयात्रा निकाली जाएगी।

उन्होंने सभी कांग्रेसजनों और आम जनता से भारी संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की अपील की। प्रेस वार्ता की विस्तृत जानकारी धनबाद जिला कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन सह प्रवक्ता पप्पु कुमार तिवारी ने दी। मौके पर ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह, मनोज यादव, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव, राशिद राजा अंसारी, योगेंद्र सिंह योगी, लक्ष्मण तिवारी, नवनीत नीरज, महेंद्र दुबे, गोपाल कृष्ण चौधरी, आदित्य आनंद, मधुसूदन सिंह चौधरी, जयप्रकाश चौहान, मृत्युंजय सिंह, अनु पासवान, रमेश राय, सत्यानंद पांडे, फैज अहमद, गौतम पासवान सहित दर्जनों कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
163694